scorecardresearch
 

शिवसेना ने अब गुड़गांव में PAK गायकों को गाने से रोका, मंच से झंडा हटाकर किया हंगामा

शिवसेना का पाकिस्तानी कलाकारों के खिलाफ विरोध गुड़गांव तक आ पहुंचा. गुड़गांव में पाकिस्तानी गायकों के कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर शिवसेना के कुछ कार्यकर्ता आ धमके और हंगामा करने लगे.

Advertisement
X
मुंबई में शिवसैनिकों ने BCCI अध्यक्ष शशांक मनोहर की टेबल पर धावा बोल दिया था
मुंबई में शिवसैनिकों ने BCCI अध्यक्ष शशांक मनोहर की टेबल पर धावा बोल दिया था

शिवसेना का पाकिस्तानी कलाकारों के खिलाफ विरोध जारी है. शनिवार को यह विरोध मुंबई से निकलकर गुड़गांव तक आ पहुंचा. गुड़गांव में पाकिस्तानी गायकों के कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर शिवसेना के कुछ कार्यकर्ता आ धमके और हंगामा करने लगे.

गिरा दिया पाकिस्तानी झंडा
शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने मंच पर लगे पाकिस्तान के झंडे भी नीचे गिरा दिए और हंगामा करने लगे. कार्यक्रम गुड़गांव के ओपन एयर थियेटर में चल रहा था. हंगामे के चलते प्रोग्राम कुछ देर के लिए रोक दिया गया. हालांकि अभी इस बात की जानकारी नहीं मिल पाई है कि कार्यक्रम बाद में जारी रहा या रद्द कर दिया गया.

मौके पर पहुंची पुलिस
गुड़गांव पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति पर काबू पाया. पुलिस फिलहाल तफ्तीश में जुटी है. लेकिन लोगों का कहना है कि कार्यक्रम के दौरान पुलिस मौके पर मौजूद नहीं थी. हालांकि आयोजकों का कहना है कि विरोध की आशंका के मद्देनजर पुलिस को कार्यक्रम की सूचना पहले ही दे दी गई थी. 


इससे पहले शिवसैनिकों ने मुंबई में BCCI के दफ्तर में घुसकर हंगामा किया था. शिवसेना कार्यकर्ताओं ने BCCI प्रमुख शशांक मनोहर की टेबल पर धावा बोला. वे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष शहरयार खान का विरोध कर रहे थे. उन्होंने शहरयार वापस जाओ के नारे भी लगाए.

Advertisement

इससे पहले शिवसेना के विरोध के कारण मुंबई और पुणे में गजल गायक गुलाम अली का कंसर्ट रद्द करना पड़ा था. शिवसेना पाकिस्तानी कलाकारों का भी विरोध कर रही है.


इससे पहले शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री खुर्शीद महमूद कसूरी की किताब के विरोध में बीजेपी के पूर्व नेता और उनकी किताब का अनावरण करने वाले सुधींद्र कुलकर्णी के चेहरे पर कालिख पोत दी थी. इस पर भी खूब हंगामा हुआ था.

Advertisement
Advertisement