हरियाणा के पंचकूला स्थित एक सरकारी स्कूल में KG की मासूम बच्ची के साथ मारपीट के मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने स्कूल में तैनात दो JBT शिक्षिकाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. निलंबित शिक्षिकाओं की पहचान सिमरनजीत कौर और पूजा रानी के रूप में हुई है. वहीं, हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए शिक्षा विभाग से जवाब मांगा है.
मामला पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित राजकीय संस्कृत प्राथमिक विद्यालय का है. यहां तीसरी कक्षा के एक छात्र पर किंडरगार्टन (KG) में पढ़ने वाली एक छोटी बच्ची के साथ कथित तौर पर मारपीट करने का आरोप है. इस घटना के बाद स्कूल में छोटे बच्चों की सुरक्षा और उनकी निगरानी को लेकर सवाल उठने लगे थे.
दो JBT शिक्षिकाओं को तत्काल प्रभाव से किया गया सस्पेंड
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने स्कूल में तैनात दोनों JBT शिक्षिकाओं के निलंबन के आदेश जारी कर दिए हैं. आदेश के मुताबिक निलंबन की अवधि के दौरान सिमरनजीत कौर और पूजा रानी का मुख्यालय जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय निर्धारित किया गया है.
बाल अधिकार आयोग ने भी लिया स्वतः संज्ञान
इस घटना पर हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग (HSCPCR) ने भी संज्ञान लिया है. आयोग ने पंचकूला के जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया है कि शिक्षा विभाग की ओर से अब तक की गई कार्रवाई के संबंध में विस्तृत और बिंदुवार तथ्यात्मक रिपोर्ट पेश की जाए.
आयोग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विभाग से जवाब मांगा है. ऐसे में अब शिक्षा विभाग की कार्रवाई के साथ-साथ स्कूल में बच्चों की सुरक्षा और घटना के समय निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. फिलहाल दो शिक्षिकाओं के निलंबन के बाद मामले में आगे की जांच और आयोग को सौंपी जाने वाली रिपोर्ट पर नजर रहेगी. फिलहाल बच्ची की सेहत में सुधार हो रहा है. शनिवार रात में उसने पहली बार मां के हाथ थोड़ी सी खिचड़ी खाई.
(इनपुट- उमंग सिरोन)