हरियाणा के नूंह जिले के मेवात इलाके में मेघालय पुलिस की टीम पर हमला कर एटीएम लूट के मास्टरमाइंड आरोपी को छुड़ाने की कोशिश की गई. इस दौरान भीड़ ने पुलिस टीम को घेर लिया और सरकारी हथियार छीनने का भी प्रयास किया. हालात बिगड़ने पर पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें एक युवक के पैर में गोली लग गई.
घटना 10 मार्च की बताई जा रही है. घायल युवक को इलाज के लिए रोहतक के पीजीआई अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मामले में पुलिस ने 12 नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है.
यह भी पढ़ें: क्रिकेट मैच के विवाद में दो पक्षों के बीच पत्थरबाजी, नूंह में कई घायल, 9 गिरफ्तार
आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर ले जा रही थी पुलिस
जानकारी के अनुसार, मेघालय में एटीएम मशीन तोड़कर लूट की वारदात के मामले में आरोपी राहुल खान निवासी वाजीदपुर को मेवात के नूंह से मेघालय पुलिस और नूंह पुलिस ने गिरफ्तार किया था. पुन्हाना अदालत में पेशी के बाद अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने पर मेघालय पुलिस आरोपी को अपने साथ लेकर जा रही थी.
जब पुलिस टीम आरोपी को लेकर जिप्सी से मेघालय जा रही थी, उसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उसे छुड़ाने की कोशिश की. इस दौरान पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट भी की गई.
आरोपी ने पलटाने की कोशिश की जिप्सी
नूंह के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष यादव ने बताया कि मेघालय पुलिस के एक अधिकारी की शिकायत के अनुसार, मंगलवार शाम पुलिस टीम गांव सिकरावा के पास एचआर-93 डोंगा होटल के नजदीक पहुंची थी. इसी दौरान आरोपी राहुल ने वाहन रुकवाने की जिद की और अचानक स्टेयरिंग पकड़कर गाड़ी को पलटाने की कोशिश की, ताकि वह पुलिस हिरासत से भाग सके.
इसी दौरान मौके पर 20 से 30 लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई, जिसमें कुछ महिलाएं भी शामिल थीं. भीड़ ने पुलिस वाहन को घेर लिया और गाड़ी की चाबी छीनने की कोशिश की. इसके साथ ही पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट करते हुए हथियार छीनने का प्रयास भी किया गया.
पुलिस की फायरिंग में युवक घायल, 12 नामजद पर केस दर्ज
स्थिति बिगड़ने पर मेघालय पुलिस के कर्मियों ने आत्मरक्षा और अपने साथियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फायरिंग की. इस दौरान सिकरावा निवासी तारीफ खान के पैर में गोली लग गई. घटना की सूचना मिलने पर पिनंगवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल व जांच टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए.
मेघालय पुलिस के अधिकारी की शिकायत के आधार पर पिनंगवा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत 12 नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
आरोपी राहुल कई मामलों में वांछित
पुलिस के अनुसार आरोपी राहुल के खिलाफ कई राज्यों में मामले दर्ज हैं. वह संगठित अपराध से जुड़े मुकदमा संख्या 635/2020 थाना द्वारका, मुकदमा संख्या 930/2020 थाना डाबरी और मुकदमा संख्या 221/2021 स्पेशल सेल मेघालय में भी वांछित है. इसके अलावा आरोपी ने असम और अरुणाचल प्रदेश में भी एटीएम काटकर लूट की कई वारदातों को अंजाम दिया है.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना स्थल के वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है. उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है.
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक नूंह ने कहा कि घायल युवक का रोहतक पीजीआई में इलाज चल रहा है. वहीं पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.
उन्होंने यह भी कहा कि नूंह पुलिस सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी बनाए हुए है. अगर कोई व्यक्ति इस घटना को लेकर अफवाह फैलाने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.