scorecardresearch
 

'हार्ट अटैक' की कहानी सुनाई, गले के निशानों ने खोल दी हत्या की पोल, हैरान कर देने वाली वारदात

कुरुक्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पति पर शराब के लिए पैसे नहीं मिलने पर गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगा है. परिजनों का कहना है कि आरोपी ने मौत को हार्ट अटैक बताने की कोशिश की, लेकिन गले पर निशान और शरीर पर चोटें देखकर पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
X
पति ने की पत्नी की हत्या. (Photo: Representational)
पति ने की पत्नी की हत्या. (Photo: Representational)

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के लोटनी गांव में एक महिला की मौत का मामला हत्या में बदल गया है. पुलिस ने महिला के पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है. आरोप है कि पति ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे. पत्नी ने पैसे देने से इनकार किया तो कथित तौर पर उसका गला घोंटकर हत्या कर दी. इसके बाद आरोपी ने परिजनों को हार्ट अटैक से मौत होने की बात बताकर मामले को छिपाने की कोशिश की. पुलिस के अनुसार, 35 वर्षीय नीति मूल रूप से कैथल जिले के पुंडरी की रहने वाली थीं. उनकी शादी वर्ष 2013 में लोटनी गांव निवासी गुलाब सिंह से हुई थी. दोनों के दो बच्चे हैं.

मृतका के चचेरे भाई शिव दयाल की शिकायत पर दर्ज एफआईआर के अनुसार, गुलाब सिंह शराब का आदी था और अक्सर पत्नी से शराब खरीदने के लिए पैसे मांगता था. परिजनों का आरोप है कि पैसे नहीं मिलने पर वह पत्नी के साथ मारपीट करता था और दोनों के बीच अक्सर इसी बात को लेकर विवाद होता था. एफआईआर के अनुसार, सोमवार रात भी गुलाब सिंह ने पत्नी से शराब के लिए पैसे मांगे. जब नीति ने पैसे देने से इनकार किया तो दोनों के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि इसी दौरान गुलाब सिंह ने दुपट्टे से पत्नी का गला घोंट दिया.

हार्ट अटैक बताकर मौत छिपाने की

परिजनों का आरोप है कि वारदात के बाद गुलाब सिंह ने उन्हें फोन कर बताया कि नीति की मौत हार्ट अटैक से हुई है. सूचना मिलने पर जब परिवार के लोग रात करीब 11.50 बजे उसके घर पहुंचे तो उन्हें मामला संदिग्ध लगा. परिजनों का कहना है कि उन्होंने महिला के गले पर गला घोंटने के निशान, हाथों पर चोट के निशान और फटे हुए कपड़े देखे. इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि करीब एक साल पहले भी गुलाब सिंह ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की थी और उसे घर से निकाल दिया था. हालांकि बाद में गांव की पंचायत के हस्तक्षेप के बाद दोनों के बीच समझौता हो गया था.

Advertisement

पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज

इस्माइलाबाद थाना प्रभारी रामपाल ने बताया कि मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मुख्य आरोपी गुलाब सिंह फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. मामले की जांच जारी है. पुलिस ने बताया कि महिला के शव का पोस्टमार्टम दो डॉक्टरों के पैनल से कराया गया है. साथ ही विसरा के नमूने सुरक्षित रखकर पंचकूला स्थित फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी भेजे गए हैं. पुलिस का कहना है कि अंतिम फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारण की पुष्टि होगी. रिपोर्ट के आधार पर यदि जरूरत पड़ी तो मामले में अन्य धाराएं भी जोड़ी जाएंगी. फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement