हरियाणा के फरीदाबाद में पति की प्रताड़ना से परेशान एक महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ चूहे मारने की दवा पी ली. चारों की तबीयत बिगड़ने पर बेटी ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला समेत तीनों बच्चों को बीके नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने चारों को दिल्ली रेफर कर दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
घटना पल्ला क्षेत्र के सूर्या विहार फेस-2 की है. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से बिहार का रहने वाला सुनील भारतीय नौसेना में तैनात है. वह अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ यहां रहता है. दिल्ली में पोस्टिंग होने के कारण वह कई-कई दिनों बाद घर आता है. उसकी पत्नी मार्केटिंग विभाग में काम करती है. परिवार में हुए विवाद के बाद महिला और बच्चों की तबीयत बिगड़ने की सूचना पुलिस को दी गई थी.
यह भी पढ़ें: घर से निकली BTech स्टूडेंट... टूट पड़ा पड़ोसी का जर्मन शेफर्ड, सीसीटीवी में कैद हुई फरीदाबाद की घटना
बेटी सृष्टि ने पिता पर लगाए प्रताड़ना के आरोप
महिला की बेटी सृष्टि ने आरोप लगाया कि उसके पिता उसे और उसकी मां को परेशान करते हैं. उसके मुताबिक, पिता उसके चरित्र पर सवाल उठाते हैं और मां के साथ मारपीट भी करते हैं. सृष्टि ने बताया कि घटना वाले दिन सुबह वह छत पर बने अपने कमरे में थी. इसी दौरान उसके पिता ने उसका मोबाइल छीन लिया और गाली-गलौज की.
बेटी के अनुसार, इसके बाद उसने अपनी मां को फोन करके बुलाया. आरोप है कि मां के आने पर उनके साथ भी गाली-गलौज की गई. परिवार में तनाव के बीच दोपहर में महिला ने कथित तौर पर चूहे मारने की दवा पी ली और अपने तीनों बच्चों को भी पिला दी. कुछ समय बाद चारों की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद बेटी ने पुलिस से सहायता मांगी.
डायल 112 पर कॉल के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी सुरेश अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने महिला और तीनों बच्चों को तत्काल बीके नागरिक अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उनकी स्थिति को देखते हुए चारों को दिल्ली रेफर कर दिया गया. फिलहाल उनका इलाज दिल्ली में कराया जा रहा है.
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अभी तक पल्ला थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है. अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल महिला और बच्चों के साथ हुई घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है. बेटी सृष्टि ने अपने पिता पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं, जिनकी जांच की जानी है.