scorecardresearch
 

बहन के प्रेम संबंधों का किया विरोध, गुस्साए प्रेमी ने भाई को चाकू से गोदा

हरियाणा के फरीदाबाद में बहन को कथित प्रेम संबंध खत्म करने की सलाह देना एक युवक को भारी पड़ गया. आरोप है कि बहन के कथित प्रेमी ने गुस्से में युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल युवक अस्पताल में भर्ती है, जबकि पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है.

Advertisement
X
पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.(Photo: Sachin Gaur/ITG)
पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.(Photo: Sachin Gaur/ITG)

हरियाणा के फरीदाबाद की संजय कॉलोनी में रिश्तों को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी हमले में बदल गया. आरोप है कि अपनी बहन को कथित प्रेम संबंधों से दूर रहने और परिवार की बात मानने की सलाह देना एक युवक को भारी पड़ गया. नाराज कथित प्रेमी ने बीच सड़क चाकू निकाल लिया और प्रेमिका के भाई पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. खून से लथपथ युवक को देखकर स्थानीय लोग तुरंत उसकी मदद के लिए दौड़े और बिना देर किए उसे एस्कॉर्ट्स अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

यह भी पढ़ें: होटल के कमरे में बैठ नकली नोट छाप रहा था IT इंजीनियर, फरीदाबाद से गिरफ्तार

सूचना मिलते ही संजय कॉलोनी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटानी शुरू कर दी.

बहन को समझाने पर भड़का आरोपी

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, संजय कॉलोनी निवासी युवक ने अपनी बहन को कथित तौर पर एक युवक से दूरी बनाने और परिवार की सलाह मानने के लिए समझाया था. इसी बात को लेकर बहन के कथित प्रेमी और युवक के बीच कहासुनी शुरू हो गई.

Advertisement

आरोप है कि विवाद कुछ ही देर में इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में चाकू निकाल लिया और युवक पर लगातार कई वार कर दिए. अचानक हुए इस हमले से मौके पर मौजूद लोग भी दहशत में आ गए.

हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घायल युवक दर्द से तड़पता रहा, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने की कोशिश की.

पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की गतिविधियों का पता लगाया जा सके.

पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है.

फिलहाल आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement