वडोदरा शहर समेत पूरे गुजरात में इस समय भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है. लगातार बढ़ते तापमान के बीच आग लगने की घटनाएं भी तेजी से बढ़ रही हैं. इसी बीच वडोदरा के फतेहगंज इलाके से कार में आग लगने की एक बड़ी घटना सामने आई है. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई.
जानकारी के मुताबिक, फतेहगंज इलाके में जे.वी.आर. मेरी स्कूल के पीछे खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया. कार से उठती तेज लपटों और धुएं को देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
पार्किंग में खड़ी कार में लगी आग
घटना की सूचना तुरंत डांडिया बाजार फायर स्टेशन को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया. फायर ब्रिगेड ने कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी.
कार में आग लगने की वजह की जांच जारी
घटना के दौरान पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई और इलाके में लोगों की भीड़ को हटाया गया. फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है. शुरुआती आशंका है कि आग शॉर्ट सर्किट या अत्यधिक गर्मी की वजह से लगी हो सकती है. कार मालिक ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस और दमकल विभाग अब पूरे मामले की जांच कर रहे हैं. शहर में लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच इस तरह की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है.