scorecardresearch
 

प्रेमी के दबाव और धमकियों से टूट गई जिंदगी, सूरत में प्रेमिका ने लगाई फांसी

सूरत में इंस्टाग्राम के जरिए शुरू हुए प्रेम संबंध में एक युवती ने कथित मानसिक प्रताड़ना और धमकियों से तंग आकर आत्महत्या कर ली. आरोपी प्रेमी पर किसी अन्य युवक से बात करने से रोकने, धमकी देने और समाज में बदनाम करने का आरोप है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement
X
युवती के आत्महत्या के बाद प्रेमी गिरफ्तार. (Photo: Screengrab)
युवती के आत्महत्या के बाद प्रेमी गिरफ्तार. (Photo: Screengrab)

सूरत शहर में सोशल मीडिया के जरिए बना एक प्रेम संबंध एक दर्दनाक घटना में बदल गया. भेस्तान थाना क्षेत्र में रहने वाली एक कॉलेज छात्रा ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मामला इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती और फिर प्रेम संबंध से जुड़ा बताया जा रहा है. पुलिस जांच के अनुसार मृतका की पहचान सूरत के भेस्तान क्षेत्र की निवासी के रूप में हुई है. मृतका का इंस्टाग्राम के जरिए दिलीप भनुभाई बाबरिया से संपर्क हुआ था.

आरोपी दिलीप मूल रूप से जूनागढ़ जिले के पीखोर गांव का रहने वाला है और बहुचराजी में एक कार शोरूम में काम करता है. जानकारी के अनुसार दोनों के बीच पिछले कई वर्षों से संबंध थे. लेकिन इस दौरान आरोपी पर युवती को लगातार मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप है. वह युवती को किसी अन्य युवक मुकेश से बात करने से रोकता था और बार-बार धमकी देता था.

रिश्ते में बढ़ा दबाव, बात करने पर भी लगी रोक

आरोप है कि दिलीप युवती को धमकी देता था कि अगर उसने मुकेश से बात जारी रखी तो अंजाम अच्छा नहीं होगा. साथ ही वह यह भी कहता था कि वह उनके रिश्ते की जानकारी उसके परिवार और समाज में फैला देगा, जिससे उसकी बदनामी होगी. लगातार मिल रही इन धमकियों और मानसिक दबाव के कारण युवती गहरे तनाव में आ गई थी. 20 मई की सुबह युवती ने अपने घर में पंखे से दुपट्टा बांधकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी. भेस्तान पुलिस ने युवती के पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया.

Advertisement

पुलिस जांच के दौरान जब मृतका का मोबाइल फोन खंगाला गया तो सामने आया कि उसका दिलीप बाबरिया से इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क था और दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत चल रही थी. परिजनों का आरोप है कि आरोपी लगातार मानसिक उत्पीड़न कर रहा था.

पुलिस ने दर्ज किया केस, प्रेमी गिरफ्तार

सूरत पुलिस के एसीपी सुनील तरडे ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की गई और भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी दिलीप बाबरिया को गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी की उम्र 28 वर्ष है और वह कार शोरूम में कार्यरत है. पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और यह भी देखा जा रहा है कि मानसिक उत्पीड़न और धमकियों का पूरा पैटर्न क्या था. फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है.

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement