गुजरात के सूरत से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. शहर के उत्राण इलाके में एक पति ने अपनी अलग रह रही पत्नी पर बीच सड़क हमला कर दिया. आरोप है कि उसने पहले कार से महिला का रास्ता रोका, फिर उस पर कथित तौर पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की और इसके बाद बाल पकड़कर लात-घूसों से बेरहमी से मारपीट की. पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
दरअसल, घटना 11 जुलाई को उत्राण-मोटा वराछा रोड स्थित प्रगति आईटी पार्क के सामने हुई. पुलिस के मुताबिक, पीड़िता अपनी एक्टिवा से जा रही थी, तभी सामने से कार लेकर पहुंचे उसके पति प्रविण अमरशीभाई गोलकीया ने उसकी गाड़ी रोक दी. इसके बाद आरोपी कार से उतरा और कथित तौर पर महिला के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी.
यह भी पढ़ें: रथ यात्रा से पहले सूरत में क्राइम ब्रांच का बड़ा अभियान, 15 हिस्ट्रीशीटर समेत 70 से अधिक आरोपी दबोचे
बताया जा रहा है कि महिला द्वारा विरोध करने पर आरोपी का गुस्सा और बढ़ गया. CCTV फुटेज के अनुसार उसने सार्वजनिक सड़क पर पत्नी के बाल पकड़कर उसे खींचा और लात-घूसों से मारपीट की. इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपी काफी देर तक महिला के साथ मारपीट करता रहा.
महिला पुलिसकर्मी भी पहुंची बीच-बचाव में
मारपीट के दौरान सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई. घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी को रोकने की कोशिश की. इसी बीच ड्यूटी पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस की एक महिला पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंची और बीच-बचाव कराया.
देखें वीडियो...
आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपी ने महिला को जान से मारने की धमकी दी और अपनी कार लेकर मौके से फरार हो गया. इसके बाद पीड़िता सीधे उत्राण पुलिस स्टेशन पहुंची और आरोपी पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्राण थाना पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई. पुलिस इंस्पेक्टर एच.आर. गोस्वामी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और मुखबिरों के साथ-साथ आधुनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई.
कुछ घंटों में गिरफ्तारी, कई धाराओं में केस दर्ज
पुलिस ने वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी प्रविणभाई अमरशीभाई गोलकीया (46) को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी सूरत में टूर्स एंड ट्रेवल्स का कारोबार करता है. वह अमरोली क्षेत्र में रहता है और मूल रूप से गुजरात के बोटाद जिले के राणपुर तालुका के सुंदणीयाणा गांव का निवासी है.
उत्राण पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. इनमें स्वेच्छा से चोट पहुंचाना, सार्वजनिक स्थान पर अश्लील गाली-गलौज करना, आपराधिक धमकी देना और अन्य संबंधित धाराएं शामिल हैं. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसे अदालत में पेश करने की तैयारी कर रही है.

उत्राण पुलिस इंस्पेक्टर एच.आर. गोस्वामी ने बताया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा है और मामला अदालत में विचाराधीन है. दोनों की दो बेटियां हैं, जिनमें एक मां के साथ और दूसरी पिता के साथ रहती है. उन्होंने कहा कि सड़क पर हुई मारपीट के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. पुलिस ने साफ किया है कि महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.