scorecardresearch
 

भरोसा पड़ा भारी! जिस कर्मचारी को 15 दिन पहले दोबारा रखा वही ले उड़ा 30 लाख की ज्वेलरी

सूरत के महिधरपुरा इलाके में स्थित 'सांधा ज्वेलर्स' के ज्वेलरी कारखाने से एक कर्मचारी 30.42 लाख रुपये का सोना और हीरा चोरी कर फरार हो गया. आरोपी संजुब साध्य उर्फ तपन को पुराने भरोसे के आधार पर 15 दिन पहले ही दोबारा नौकरी पर रखा गया था. पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई.

Advertisement
X
30 लाख की ज्वेलरी चुराकर फरार हुआ कर्मचारी. (photo: Screengrabs)
30 लाख की ज्वेलरी चुराकर फरार हुआ कर्मचारी. (photo: Screengrabs)

सूरत के हीरा और सोना कारोबार के प्रमुख केंद्र महिधरपुरा इलाके से चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. भवानीवड मेन रोड स्थित 'सांधा ज्वेलर्स' के ज्वेलरी निर्माण कारखाने से एक कर्मचारी करीब 30.42 लाख रुपये मूल्य का सोना और हीरा चोरी कर फरार हो गया. पूरी घटना फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. फुटेज के आधार पर महिधरपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

पुलिस के अनुसार, पीपलोद इलाके में रहने वाले और मूल रूप से पश्चिम बंगाल के निवासी प्रदीप कुमार चंद्रनाथ माइती महिधरपुरा में सोने और हीरे के आभूषण बनाने की फैक्ट्री चलाते हैं. आरोपी कर्मचारी संजुब साध्य उर्फ तपन, जो पश्चिम बंगाल के हुगली का रहने वाला है, पहले भी पांच साल तक इसी फैक्ट्री में काम कर चुका था. पुराने भरोसे के चलते उसे 2 जून को दोबारा 25 हजार रुपये मासिक वेतन पर नौकरी पर रखा गया था.

चोरी किए गए आभूषण की कीमत है 30 लाख रुपये
घटना 17 जून की सुबह की है. फैक्ट्री के मैनेजर सुदीप कुमार दास ने संजुब से लॉकर में रखे आभूषण निकालकर काम शुरू करने के लिए कहा. इसके बाद मैनेजर किसी काम से ऊपर के फ्लोर पर चले गए. पुलिस के मुताबिक इसी दौरान संजुब ने मौका पाकर लॉकर से सोना और हीरे निकाल लिए और कुछ ही मिनटों में फैक्ट्री से फरार हो गया.

Advertisement

करीब 10 मिनट बाद जब मैनेजर लौटे तो संजुब वहां नहीं मिला. उसके लॉकर और कार्यस्थल की जांच करने पर सोना और हीरा भी गायब मिला. मैनेजर ने आरोपी को फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ था. इसके बाद फैक्ट्री मालिक मौके पर पहुंचे और स्टॉक का मिलान कराया.

जांच में पता चला कि आरोपी 111.565 ग्राम सोना, जीआईए (GIA) प्रमाणित हीरे, कीमती ब्रेसलेट और सोने की चूड़ियां समेत कुल 30,42,016 रुपये की संपत्ति चोरी कर ले गया. पूरी वारदात फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें आरोपी चोरी के बाद सामान लेकर बाहर निकलता हुआ दिखाई दे रहा है.

पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश
फैक्ट्री मालिक ने पहले अपने स्तर पर और आरोपी के पश्चिम बंगाल स्थित पैतृक गांव में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद महिधरपुरा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई. पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 173 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पश्चिम बंगाल की ओर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

महिधरपुरा थाना प्रभारी (पीआई) डी.यू. बारड ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीम लगातार प्रयास कर रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement