गुजरात के जूनागढ़ स्थित सक्करबाग चिड़ियाघर से लापरवाही का एक वीडियो सामने आया है, जिसने चिड़ियाघर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
वीडियो में कुछ पर्यटक बाघ के बाड़े के पास खड़े होकर नियमों की खुलेआम अनदेखी करते दिखाई दे रहे हैं. आरोप है कि कुछ लोगों ने बाड़े के अंदर कपड़ा फेंककर बाघ को उकसाने और उसका ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने की कोशिश की. इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने शोर-शराबा भी किया.
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह की हरकतें न सिर्फ जानवरों को तनाव में डालती हैं, बल्कि पर्यटकों और कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा कर सकती हैं. सक्करबाग चिड़ियाघर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं. ऐसे में बाड़ों के आसपास कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था बेहद जरूरी मानी जाती है.
इस मामले में सक्करबाग चिड़ियाघर के अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो हाल ही का है और इसकी जांच शुरू कर दी गई है. देखें VIDEO:-
अधिकारियों के अनुसार, चिड़ियाघर के नियमों के तहत किसी भी वन्य प्राणी को चिढ़ाना, उकसाना या उसके बाड़े में कोई वस्तु फेंकना पूरी तरह प्रतिबंधित है.
इसके बावजूद पर्यटकों ने ऐसा क्यों किया और घटना में शामिल लोग कौन हैं, इसकी जांच की जा रही है. यदि जांच में नियमों का उल्लंघन करने वालों की पहचान होती है तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
घटना के बाद एक बार फिर चिड़ियाघर की सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटकों द्वारा नियमों के पालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं.