अमेरिका के मैसाचुसेट्स राज्य के वुस्टर शहर से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. यहां स्थित इकोनो लॉज मोटल में लगी भीषण आग में गुजरात के खेड़ा जिले के नडियाद निवासी एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई. इस हादसे ने परिवार के साथ-साथ पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है.
मृतकों की पहचान हितेशभाई सुथार, उनकी पत्नी हिनाबेन सुथार और 20 वर्षीय बेटी ईशानी सुथार के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, यह परिवार करीब दो साल पहले बेहतर भविष्य की तलाश में अमेरिका गया था और वहीं बस गया था. हितेशभाई उसी इकोनो लॉज मोटल में काम करते थे और उनका परिवार भी मोटल परिसर में ही रहता था.
बताया जा रहा है कि रविवार देर रात करीब 1:30 बजे मोटल में अचानक आग लग गई. आग तेजी से फैलने लगी, जिसके बाद परिवार कमरे में ही फंस गया. खतरे को भांपते हुए उन्होंने मोटल के फ्रंट डेस्क पर फोन कर मदद मांगी.
मिली जानकारी के अनुसार, फ्रंट डेस्क से उन्हें सलाह दी गई कि वे कमरे के बाथरूम में चले जाएं, पानी चालू रखें और वहीं सुरक्षित रहने की कोशिश करें, ताकि धुएं और आग से बचा जा सके. परिवार ने निर्देशों का पालन करते हुए खुद को बाथरूम में बंद कर लिया और बचाव दल का इंतजार करने लगा.
हालांकि, आग पर काबू पाने और राहत-बचाव कार्य शुरू होने में समय लग गया. इस दौरान कमरे में धुआं भर गया और दम घुटने से हितेशभाई, हिनाबेन और उनकी बेटी ईशानी की मौत हो गई.
इस दर्दनाक हादसे की खबर जैसे ही नडियाद और खेड़ा जिले में पहुंची, परिवार के रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई. फिलहाल स्थानीय अमेरिकी प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है. वहीं, परिजन और समुदाय के लोग मृतकों के पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया को लेकर अधिकारियों के संपर्क में हैं.