गुजरात के देवभूमि द्वारका जिले के भाणवड़ में रास्ता देने जैसी मामूली बात पर हुए विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई. विजय परमार अपनी छकड़ा रिक्शा लेकर जा रहे थे, तभी रास्ता देने को लेकर उनकी कार सवार इनाज घुघा से बहस हो गई. विवाद बढ़ने पर मोटरसाइकिल से पहुंचे दो अन्य युवकों ने भी विजय के साथ मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान धारदार हथियार से हमला किए जाने के बाद विजय गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. विजयभाई परमार भाणवड़ के रामेश्वर प्लॉट इलाके में रहते थे. 18 अक्टूबर को वह अपनी छकड़ा रिक्शा लेकर इलाके के सब-स्टेशन के पास से गुजर रहे थे. इसी दौरान सामने से कार लेकर आ रहे इनाज घुघा के साथ उन्हें रास्ता देने को लेकर बहस हो गई. शुरुआत में मामूली दिख रहा विवाद धीरे-धीरे बढ़ गया. इसी बीच मोटरसाइकिल से हुसैन उर्फ भुटिया घुघा और असलम हिंगोरा भी वहां पहुंच गए. तीनों ने मिलकर विजय की पिटाई शुरू कर दी.
यह भी पढ़ें: 15 हजार महिलाएं, 900 KG सोना… गुजरात के अहीर समाज के गरबा में दिखा अनोखा नजारा
बेटे को बचाने आए पिता के साथ भी मारपीट
विजय के साथ मारपीट होते देख उनके पिता बीच-बचाव करने और बेटे को बचाने पहुंचे. आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की. इसी दौरान मुख्य आरोपी इनाज घुघा ने धारदार हथियार से विजय पर हमला कर दिया. चाकू के कई वार से विजय गंभीर रूप से घायल हो गए. इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. विजय को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
यह भी पढ़ें: खत्म हुआ यूसुफ पठान के 'प्लॉट' का विवाद, गुजरात सरकार के फैसले से हुआ अब रास्ता साफ
कुछ ही घंटों में तीनों आरोपी गिरफ्तार
विजय के पिता की शिकायत के आधार पर भाणवड़ पुलिस स्टेशन में हत्या समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने जांच शुरू करते हुए तुरंत अलग-अलग टीमें गठित कीं. कुछ ही घंटों में पुलिस ने हत्या के तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इनाज घुघा, हुसैन उर्फ भुटिया जुमाभाई घुघा और असलम हिंगोरा के रूप में हुई है.