scorecardresearch
 

सास का कत्ल, गहनों की लूट और मातम... बहू की चौंका देने वाली करतूत

गुजरात के गिर सोमनाथ जिले के भिंगरण गांव में 85 वर्षीय रखमाईबेन बांभणिया की हत्या के मामले में पुलिस ने उनके भांजे की पत्नी भाणीबेन पामक को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी 25 अक्टूबर को चाय पीने के बहाने बुजुर्ग के घर पहुंची और गहनों के लालच में हंसिया से हमला कर उनकी हत्या कर दी. इसके बाद वह शोक जताने भी पहुंची.

Advertisement
X
सास की हत्या कर गहने लूटने वाली बहू. (Photo: ITG)
सास की हत्या कर गहने लूटने वाली बहू. (Photo: ITG)

गुजरात के गिर सोमनाथ जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक वारदात सामने आई है. यहां ऊना तालुका के भिंगरण गांव में 85 साल की बुजुर्ग महिला की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई. हत्या के बाद उनके सोने के गहने भी लूट लिए गए. पुलिस ने मामले की जांच की तो शक की सुई मृतका के परिवार से जुड़ी एक महिला पर जा पहुंची. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी महिला हत्या करने के बाद बुजुर्ग के घर शोक जताने भी पहुंची थी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके घर से लूटे गए सोने के गहने भी बरामद किए हैं.

पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान रखमाईबेन बांभणिया के रूप में हुई है. वह भिंगरण गांव में अपने घर पर अकेली रहती थीं. उनके तीन बेटे अपने परिवारों के साथ खेत यानी वाड़ी पर रहते थे. ऐसे में बुजुर्ग घर में अकेली रहती थीं और उनसे मिलने के लिए रिश्तेदार आते-जाते रहते थे. इन्हीं रिश्तेदारों में उनके भांजे की पत्नी भाणीबेन पामक भी शामिल थी, जो पास में ही रहती थी और अक्सर रखमाईबेन के घर आती थी.

चाय पीने के बहाने घर पहुंची, फिर किया हमला
पुलिस की जांच के अनुसार 25 अक्टूबर की दोपहर भाणीबेन चाय पीने के बहाने रखमाईबेन के घर पहुंची थी. आरोपी महिला की नजर बुजुर्ग के सोने के गहनों पर थी. पुलिस के मुताबिक, गहने लूटने के इरादे से उसने रखमाईबेन पर हंसिया से हमला किया और उनके गले पर वार किए. इसके बाद आरोपी ने बुजुर्ग के कान काटकर उनके पहने हुए सोने के गहने उतार लिए और मौके से फरार हो गई.

Advertisement

घटना की जानकारी मिलने के बाद नवाबंदर मरीन पुलिस ने जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को आरोपी महिला की गतिविधियां संदिग्ध लगीं. इसके बाद उससे पूछताछ की गई. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में हत्या की गुत्थी सुलझ गई और आरोपी ने वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली.

हत्या के बाद शोक जताने पहुंची आरोपी
इस मामले का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह है कि बुजुर्ग की हत्या के बाद आरोपी महिला उनके घर शोक जताने पहुंची थी. वहां वह रोती हुई भी दिखाई दी. हालांकि, जांच के दौरान उसकी गतिविधियों पर संदेह होने के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की, जिसमें मामले का खुलासा हो गया.

पुलिस ने आरोपी भाणीबेन पामक को गिरफ्तार कर लिया है. उसके घर से लूटे गए सोने के गहने बरामद किए गए हैं. इसके अलावा, हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार हंसिया भी पुलिस ने बरामद कर लिया है. पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement