scorecardresearch
 

Delhi: प्रीत विहार में पुलिस के सामने डंडे से फोड़ा सिर, रोड रेज का खौफनाक वीडियो वायरल

पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार में रोड रेज का विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया. आरोप है कि पुलिस के सामने ही एक शख्स ने डंडे से दूसरे युवक का सिर फाड़ दिया. घटना के दौरान पुलिस मौके पर मौजूद थी. मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और मौके पर मौजूद लोग पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं.

Advertisement
X
प्रीत विहार में पुलिस के सामने हुई मारपीट. (Photo: Screengrab)
प्रीत विहार में पुलिस के सामने हुई मारपीट. (Photo: Screengrab)

पूर्वी दिल्ली के पॉश इलाके प्रीत विहार में रोड रेज का एक मामला हिंसक झगड़े में बदल गया. आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में ही एक शख्स ने डंडे से दूसरे व्यक्ति के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया. पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं.

जानकारी के मुताबिक, विवाद उस समय शुरू हुआ जब एक विक्टोरिस कार रॉन्ग साइड से आ रही थी. सामने से दूसरी कार आ रही थी, जिसमें एक परिवार भी बैठा हुआ था. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि विक्टोरिस कार में सवार बाप और बेटे ने सामने वाले कार चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी.

मारपीट बढ़ने पर मौके पर मौजूद लोगों ने PCR को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश करने लगी. इसी दौरान आरोप है कि विक्टोरिस कार में सवार एक शख्स ने अपने कुछ साथियों को भी मौके पर बुला लिया.

बीच सड़क मारपीट, पुलिस रही खामोश

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुलिस के सामने ही एक शख्स ने डंडे से सामने वाले व्यक्ति के सिर पर हमला कर दिया. हमले में उसका सिर फट गया. घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई. लोगों का आरोप है कि पुलिस मौके पर मौजूद होने के बावजूद समय रहते हमले को नहीं रोक सकी.

Advertisement

मारपीट का लाइव वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में दोनों पक्षों के बीच सड़क पर मारपीट होती दिखाई दे रही है. स्थानीय लोगों का दावा है कि कुछ पुलिसकर्मी घटना के दौरान वीडियो बनाते नजर आए, जबकि राहगीर झगड़ा छुड़ाने की कोशिश करते रहे. हालांकि इस दावे पर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

आखिरकार आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग कराया. इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को अपने साथ थाने ले गई. घटना के बाद इलाके के लोगों में नाराजगी है. उनका कहना है कि यदि पुलिस की मौजूदगी में ही किसी पर डंडे से हमला हो सकता है, तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है. वायरल वीडियो के बाद भी पुलिस की भूमिका चर्चा का विषय बनी हुई है.

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

उधर, पुलिस का कहना है कि रविवार रात दो युवक अपने-अपने वाहनों से गीता कॉलोनी की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान ओवरटेक करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई. मामूली विवाद कुछ ही देर में हिंसक झगड़े में बदल गया और दोनों पक्ष सड़क पर एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने लगे. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement