मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस के छात्र संगठन NSUI ने मंगलवार को दिल्ली के कनॉट प्लेस में प्रदर्शन किया. राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 7 पर अचानक हुए इस प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया.
प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान मौके पर मौजूद रहे. इस दौरान NSUI की महिला कार्यकर्ताओं और दिल्ली पुलिस की महिला जवानों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट भी देखने को मिली. इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला कार्यकर्ता और दिल्ली पुलिस की महिला पुलिसकर्मी के बीच मारपीट होती दिख रही है.
NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ का कहना है कि अगर संगठन को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलती है, तो वह कनॉट प्लेस में ही धरना देगा. उन्होंने कहा कि NSUI आज, कल और परसों भी अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखेगी.
दिल्ली के कनॉट प्लेस थाने के बाहर NSUI कार्यकर्ताओं ने महिला कार्यकर्ताओं और दिल्ली पुलिस के बीच हुई मारपीट के विरोध में प्रदर्शन किया. इस दौरान NSUI कार्यकर्ताओं ने उस कार को रोकने की कोशिश की, जिसमें वह महिला पुलिसकर्मी सवार थीं, जिन पर NSUI की महिला कार्यकर्ता को थप्पड़ मारने का आरोप है. कार को रोकने के लिए कार्यकर्ताओं ने उसके सामने प्रदर्शन किया.
मारपीट का VIDEO यहां देखें-
वहीं NSUI के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रवि पांडे ने कहा कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक वोट चोरी के खिलाफ संगठन की लड़ाई पूरी ताकत से जारी रहेगी. प्रदर्शन के जरिए चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त से कथित चुनावी अनियमितताओं को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग की गई.
बता दें कि इससे पहले मंगलवार को लेफ्ट छात्र संगठनों ने भी कनॉट प्लेस में प्रदर्शन किया था. वहीं, जंतर-मंतर पर भारी बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद पहुंचने पर कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका को पुलिस ने हिरासत में ले लिया.