दिल्ली मेट्रो का एक और शर्मसार कर देने वाला वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें दिख रहा है कि मेट्रो के फर्श पर प्रेमी बैठा हुआ है और प्रेमिका उसकी गोद में लेटी हुई है. दोनों बिना किसी संकोच के एक दूसरे को लिपलॉक कर रहे हैं. वीडियो सामने आते ही दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने बयान जारी किया है.
डीएमआरसी ने बयान जारी करते हुए कहा कि वे अपने यात्रियों से दिल्ली मेट्रो का उपयोग करते समय जिम्मेदारी से व्यवहार करने और समाज में स्वीकार्य सभी सामाजिक शिष्टाचार और प्रोटोकॉल का पालन करने की अपेक्षा करता है. यात्रियों को ऐसी किसी भी अश्लील गतिविधि में शामिल नहीं होना चाहिए, जो असुविधा का कारण हो या अन्य साथी यात्रियों की भावना को ठेस पहुंचा सकती हो.
डीएमआरसी के संचालन और रखरखाव अधिनियम में अभद्रता को धारा-59 के तहत एक दंडनीय अपराध के रूप में सूचीबद्ध किया गया है. हम अपने यात्रियों से अपील करते हैं कि कृपया ऐसी अश्लील गतिविधियों में लिप्त होने से बचें.
दिल्ली मेट्रो जैसी सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में यात्रा करते समय सामाजिक शिष्टाचार बनाए रखें. हम सहयात्रियों से भी अनुरोध करते हैं कि वे ऐसी घटनाओं की सूचना निकटतम मेट्रो स्टाफ/सीआईएसएफ को तुरंत दें, ताकि उचित कार्रवाई की जा सके.
बुधवार को सामने आया था वीडियो
दरअसल, बुधवार को दिल्ली मेट्रो में शर्मसार कर देने वाला वीडियो वायरल हुआ था. वीडियो में साफ दिख रहा था कि मेट्रो के फर्श पर एक लड़का बैठा हुआ है और उसकी गोद में गर्लफ्रेंड लेटी हुई है. बिना किसी झिझक के दोनों एक दूसरे को लिपलॉक कर रहे थे.
वहीं, वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया यूजर्स डीएमआरसी पर तंज कर रहे हैं. एक यूजर ने डीसीपी दिल्ली मेट्रो को टैग करते हुए ट्विटर पर लिखा है, क्या तुम जाग रहे हो?
बिकनी गर्ल का वीडियो हुआ था वायरल
बता दें कि इससे पहले दिल्ली मेट्रो में एक बिकिनी गर्ल का वीडियो वायरल होने के बाद काफी बवाल मचा था. इसके बाद से ही दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन यानी DMRC से मेट्रो में अश्लीलता रोकने के लिए नियम बनाने की मांग की जा रही थी.
अब दिल्ली DMRC ने मेट्रो के कोच में पेट्रोलिंग करने के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड तैनात करने का फैसला किया है. इस स्क्वॉड में पुलिस और सीआईएसएफ के जवानों को शामिल किया जाएगा. पेट्रोलिंग करने वाले जवान सिविल ड्रेस में भी हो सकते हैं. ये लोगों पर नजर रखने के लिए खुद मेट्रो में सफर करेंगे.