कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के 20 जुलाई को हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई में गंभीर रूप से घायल हुई 21 साल की साक्षी अब होश में आ गई है. डॉ राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल के डॉक्टरों ने बुधवार को बताया कि महिला को वेंटिलेटर से हटा दिया गया है. वह अब खुद से सांस ले रही है और डॉक्टरों के निर्देशों का सही तरीके से जवाब दे रही है. यह जानकारी अस्पताल प्रशासन ने बुधवार को साझा की.
छतरपुर एक्सटेंशन की रहने वाली साक्षी को चेहरे, छाती और गर्दन पर चोटें आई थीं. उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था. साक्षी सोमवार को अपनी कजिन के साथ इस प्रदर्शन में शामिल हुई थीं. उनकी कजिन के पैर में भी चोट आई थी.
अस्पताल प्रशासन के अनुसार साक्षी अब पूरी तरह होश में हैं और डॉक्टरों की बातों को समझकर सही जवाब दे रही हैं. उनके दिमाग और रीढ़ की हड्डी की एमआरआई जांच सामान्य आई है, जिससे बड़ी राहत मिली है.
यह भी पढ़ें: धरना vs धरना... पटना, जयपुर, भोपाल में भिड़े कांग्रेस-बीजेपी के कार्यकर्ता, जमकर बवाल
डॉक्टरों ने बताया कि इलाज शुरू होने के बाद से साक्षी की हालत में लगातार सुधार देखा जा रहा है. उन्हें डॉक्टरों की टीम की निगरानी में पूरा इलाज दिया जा रहा है. फिलहाल इस पूरे मामले में साक्षी ही आरएमएल अस्पताल में भर्ती एकमात्र मरीज हैं और उन्हें जरूरी इलाज के साथ लगातार निगरानी में रखा गया है.
बता दें कि सोमवार को सीजेपी की ओर से आयोजित इस प्रदर्शन में हजारों लोग संसद की ओर मार्च करते हुए पहुंचे थे. प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग कर रहे थे. यह मांग कथित नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर की जा रही थी. प्रदर्शनकारियों ने जंतर मंतर के पास सुरक्षा बैरिकेड तोड़ दिए थे, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर बितर करने के लिए आंसू गैस और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया.