scorecardresearch
 

17 मेट्रो स्टेशन बंद, सड़कों पर लंबा ट्रैफिक... जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट से 'दिल्ली जाम'

जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के कारण दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा. पुलिस ने कई सड़कों पर बैरिकेडिंग की और 17 मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए, जिससे यात्रियों को लंबा समय और खर्च सहना पड़ा.

Advertisement
X
CJP प्रोटेस्ट के बीच DMRC ने 17 मेट्रो स्टेशन बंद किए हैं
CJP प्रोटेस्ट के बीच DMRC ने 17 मेट्रो स्टेशन बंद किए हैं

जंतर-मंतर पर जारी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था के चलते गुरुवार को सेंट्रल दिल्ली यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा. पुलिस की ओर से कई प्रमुख सड़कों पर बैरिकेडिंग किए जाने और 17 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने के कारण हजारों यात्रियों को घंटों जाम में फंसना पड़ा. लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता अपनाना पड़ा, जिससे यात्रा का समय और खर्च दोनों बढ़ गए.

ITO पर लग गई लंबी कतार
नई दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर दिनभर ट्रैफिक की लंबी कतारें देखने को मिलीं. विकास मार्ग, संसद मार्ग, टॉल्स्टॉय मार्ग, कनॉट प्लेस आउटर सर्किल, पटेल चौक, इंडिया गेट सर्किल, डीडीयू मार्ग, मिंटो रोड और आईटीओ टनल के आसपास वाहनों की आवाजाही काफी धीमी रही. आईटीओ टनल के पास सड़क के एक हिस्से पर बैरिकेडिंग किए जाने से वाहन चालकों को लंबी कतारों का सामना करना पड़ा.

Metro CJP

सफर में लगा रोज के बजाय दोगुना समय
दफ्तर जाने वाले कई लोगों ने बताया कि सामान्य दिनों की तुलना में उन्हें दोगुना समय लगा. नोएडा से मंडी हाउस जाने वाले एक यात्री ने कहा कि आमतौर पर यह सफर 45 मिनट में पूरा हो जाता है, लेकिन गुरुवार को डेढ़ घंटे से अधिक समय लग गया. वहीं सोशल मीडिया पर एक अन्य व्यक्ति ने लिखा कि नोएडा-दिल्ली हाईवे पर करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया. उसका कहना था कि आईटीओ टनल के पास सड़क बंद करने से पहले ट्रैफिक पुलिस को खासकर कार्यालय जाने वाले लोगों के लिए सार्वजनिक एडवाइजरी जारी करनी चाहिए थी.

Advertisement

 

DMRC ने बंद किए कई मेट्रो स्टेशन
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने लगातार दूसरे दिन सुरक्षा कारणों से 17 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखा. इनमें लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान स्टेशन शामिल हैं. मेट्रो सेवाएं प्रभावित होने के कारण बड़ी संख्या में यात्रियों को बस, ऑटो और कैब का सहारा लेना पड़ा. इससे सार्वजनिक परिवहन पर दबाव बढ़ गया और ऑटो-टैक्सी की मांग भी अचानक बढ़ गई.

यात्रियों को होना पड़ा परेशान
यात्रियों ने बताया कि मेट्रो बंद होने से उनके सफर में कम से कम 40 से 45 मिनट अतिरिक्त लग गए. शाम के समय दफ्तरों की छुट्टी के बाद स्थिति और बिगड़ गई. बसों में भारी भीड़ रही, सार्वजनिक परिवहन के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा और कई लोगों को घर पहुंचने के लिए वैकल्पिक और लंबे रास्तों का इस्तेमाल करना पड़ा.

CP Palika Bazar

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भीड़भाड़ वाले इलाकों से वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर मोड़ा और लोगों से नई दिल्ली क्षेत्र में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की. इस दौरान कनॉट प्लेस के व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर भी असर पड़ा. न्यू दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने एक एडवाइजरी जारी कर दुकानों, दफ्तरों और रेस्तरां को शाम 6:30 बजे तक बंद करने की अपील की. संगठन ने बताया कि यह फैसला नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की ओर से टेलीफोन पर मिली सलाह के बाद लिया गया.

Advertisement

गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) पिछले एक महीने से अधिक समय से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है. संगठन की मांग है कि कथित पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं के मुद्दे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें. प्रदर्शन के चलते राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, जिसका असर आम लोगों की आवाजाही और व्यापारिक गतिविधियों पर भी देखने को मिल रहा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement