नई दिल्ली के शाहदरा में शुक्रवार शाम को एक 22 साल के आदमी की ट्रेन से कटकर मौत हो गई. बताया जा रहा है कि वह एक स्नैचर के पीछे-पीछे भाग रहा था, जिसने उसका मोबाइल फोन छीन लिया था. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी. घटना की सूचना पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन (ODRS) पुलिस स्टेशन को शाम करीब 4.55 बजे मिली, जब रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) कंट्रोल रूम ने बताया कि शाहदरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म 3 पर एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है.
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची व क्राइम और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) यूनिट को मौके का मुआयना करने के लिए बुलाया गया. मरने वाले की पहचान रोहित कुमार (22) के रूप में हुई, जो उत्तर प्रदेश के बागपत जिले का रहने वाला था. शुरुआती जांच में पता चला है कि कुमार का मोबाइल फोन प्लेटफॉर्म 3 पर छीना गया था. स्नैचर का पीछा करते हुए वह 15035 दिल्ली-काठगोदाम एक्सप्रेस को देख नहीं पाया और ट्रेन के सामने आ गया. जिससे उसकी मौत हो गई.
यह भी पढ़ें: दिल्ली: मोबाइल झपटते ही पीछा कर दबोचे गए दो कुख्यात स्नैचर, चोरी की बाइक भी बरामद
संदिग्ध की पहचान के लिए सीसीटीवी की जांच कर रही है पुलिस
अधिकारी ने कहा कि बॉडी को मेडिको-लीगल केस (MLC) की तैयारी और प्रिजर्वेशन के लिए दिल्ली के अरुणा आसफ अली हॉस्पिटल में शिफ्ट कर दिया गया है. पुलिस ने कहा कि स्नैचर की पहचान के लिए रेलवे स्टेशन के CCTV फुटेज की जांच की जा रही है और संदिग्ध को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है.
इस संबंध में स्नैचिंग का केस दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई चल रही है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल इस घटना ने शाहदरा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.