दिल्ली-एनसीआर में मौसम का उतार-चढ़ाव अभी जारी रहेगा. पिछले कुछ दिनों से प्री-मॉनसून गतिविधियों के चलते राजधानी में तेज आंधी, बारिश, गरज-चमक और ओलावृष्टि देखने को मिली, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली. आज यानी 7 मई को भी मौसम में ये नर्मी बनी रहेगी.
स्काईमेट के मुताबिक, 7 मई को देर शाम और रात के समय दिल्ली और आसपास के इलाकों में फिर से तेज हवाएं, गरज-चमक और हल्की बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में धूलभरी आंधी चलने की भी संभावना है. दिन के समय मौसम अपेक्षाकृत साफ रहेगा लेकिन शाम होते-होते बादल सक्रिय हो सकते हैं. इस दौरान हवा की रफ्तार बढ़ने से कई इलाकों में अचानक मौसम बदल सकता है.
मौसम को प्रभावित करने वाला पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ रहा है, लेकिन उत्तर राजस्थान और दक्षिण पंजाब के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण और दिल्ली से गुजर रही ट्रफ रेखा अभी भी सक्रिय है. यही सिस्टम राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक वाली गतिविधियों को बढ़ावा दे रहा है.
लगातार मौसम गतिविधियों के कारण दिल्ली-एनसीआर में तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है. पिछले कुछ दिनों से अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा. ओलावृष्टि और बारिश के कारण सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस की गई.
हालांकि यह राहत ज्यादा लंबे समय तक नहीं रहने वाली. 8 मई से मौसम धीरे-धीरे साफ होना शुरू हो जाएगा और वीकेंड तक गर्मी फिर से असर दिखाने लगेगी. 9 और 10 मई को दिल्ली-एनसीआर में तापमान बढ़ने और उमस बढ़ने की संभावना है. अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
मौसम एजेंसियों का कहना है कि फिलहाल मई के मध्य तक दिल्ली में हीटवेव यानी लू जैसी स्थिति बनने की संभावना कम है. वहीं, 10 मई के आसपास एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे अगले सप्ताह मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है.