scorecardresearch
 

दिल्ली के जसोला में डिमोलिशन के दौरान गिरी दीवार, एक मजदूर की मौत, दो घायल

दिल्ली के जसोला इलाके में बिल्डिंग तोड़ने के दौरान बड़ा हादसा हो गया. आखिरी दीवार गिराते समय चार मजदूर उसकी चपेट में आ गए. हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए. पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
X
ठेकेदार गिरफ्तार.(Photo: AI-generated)
ठेकेदार गिरफ्तार.(Photo: AI-generated)

राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके जसोला में बिल्डिंग तोड़ने के दौरान बड़ा हादसा हो गया. शुक्रवार दोपहर एक दीवार गिरने से वहां काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए. हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए. घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

यह भी पढ़ें: आफत वाली बारिश... गुरुग्राम में 6 बच्चों की मौत, दिल्ली में बिल्डिंग गिरी, यूपी के इन जिलों में स्कूल बंद

पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर की पहचान 23-24 वर्षीय विजय के रूप में हुई है. वहीं अन्य घायल मजदूरों का उपचार अस्पताल में चल रहा है.

बिल्डिंग तोड़ने के दौरान हुआ हादसा

मौके पर मौजूद सूर्य नारायण यादव ने बताया कि जसोला के पॉकेट नंबर-1 स्थित प्लॉट नंबर-149 पर शुक्रवार दोपहर पहले से बने निर्माण को तोड़ने का काम चल रहा था. डिमोलिशन के दौरान आखिरी दीवार को गिराया जा रहा था.

Advertisement

इसी दौरान दीवार अचानक भरभराकर गिर गई और वहां काम कर रहे चार मजदूर उसकी चपेट में आ गए. हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना अचानक हुआ कि मजदूरों को संभलने का मौका भी नहीं मिला. देखते ही देखते दीवार उनके ऊपर आ गिरी और मौके पर चीख-पुकार मच गई.

ठेकेदार गिरफ्तार, पुलिस कर रही जांच

हादसे की सूचना मिलने के बाद सरिता विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने पूरे मामले में केस दर्ज कर लिया है.

जांच के दौरान पुलिस ने बिल्डिंग के ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि डिमोलिशन के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ.

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जसोला स्थित इस प्लॉट पर पहले से मौजूद निर्माण को तोड़ने का कार्य चल रहा था. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement