scorecardresearch
 

दिल्ली IRS अधिकारी की बेटी रेप-हत्या केस में बड़ा अपडेट, कोर्ट ने चार्जशीट पर लिया संज्ञान

दिल्ली की अदालत ने वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी की बेटी से रेप और हत्या मामले में आरोपी राहुल मीणा के खिलाफ दाखिल चार्जशीट पर संज्ञान लिया. मामले की अगली सुनवाई 1 अगस्त को होगी.

Advertisement
X
कोर्ट ने रेप-हत्या के मामले में दायर चार्जशीट पर संज्ञान लिया है. (Photo- Representational)
कोर्ट ने रेप-हत्या के मामले में दायर चार्जशीट पर संज्ञान लिया है. (Photo- Representational)

दिल्ली की एक अदालत ने शनिवार(18 जुलाई) को सीनियर आईआरएस अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी से दुष्कर्म और हत्या के मामले में दाखिल चार्जशीट पर संज्ञान लिया. इस मामले में पूर्व घरेलू हेल्पर राहुल मीणा पर दुष्कर्म, हत्या और चोरी का आरोप है. मामले की सुनवाई न्यायिक मजिस्ट्रेट दीपिका ठाकरण की अदालत में हुई. सुनवाई के दौरान अदालत ने पुलिस को मामले से जुड़े सभी वीडियो सबूतों को सुरक्षित रखने और उनकी जानकारी बचाव पक्ष के वकील को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. इसके साथ ही अदालत ने दस्तावेजों की जांच के लिए मामले की अगली सुनवाई 1 अगस्त तय की है.

पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, अमर कॉलोनी थाना पुलिस ने जांच पूरी करने के बाद गुरुवार को अदालत में चार्जशीट दाखिल की थी. इसके बाद शनिवार को इस मामले पर सुनवाई हुई. यह मामला 22 अप्रैल का है. पीड़िता, जो आईआईटी से ग्रेजुएट थी और सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही थी. वह पूर्वी कैलाश के कैलाश हिल्स स्थित अपने घर में मृत मिली थी. उसके माता-पिता जब सुबह जिम से लौटे तो उन्होंने बेटी का शव घर में देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.

चार्जिंग केबल से गला घोंट दिया

पुलिस का आरोप है कि राहुल मीणा ने लड़की से रुपये मांगे. विरोध करने पर उसने मोबाइल फोन के चार्जिंग केबल से उसका गला घोंट दिया. इसके बाद वह घर से 5 से 7 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गया. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने भागने से पहले पीड़िता के भाई के कपड़े भी पहन लिए थे.

Advertisement

पुलिस ने बताया कि चार्जशीट के अनुसार, घटनास्थल से मिले फिंगरप्रिंट, हथेली के निशान और अंगूठे के निशान आरोपी से मेल खाते हैं. वहीं, डीएनए प्रोफाइलिंग में भी आरोपी का डीएनए जांच के दौरान मिले बायोलॉजिकल साक्ष्यों से मेल खाया है. पुलिस के मुताबिक, जांच में केंद्रीय फॉरेंसिक साइंस लैब और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी के एक्सपर्ट की मदद ली गई. घटनास्थल और अन्य स्थानों से जुटाए गए साक्ष्यों की फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी डिवीजन में जांच की गई.

100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान घटनास्थल का आरोपी की मौजूदगी में सीन रीक्रिएट कराया गया. इस दौरान उसकी एंट्री, घर के अंदर की गतिविधियों और बाहर निकलने की पूरी प्रक्रिया की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की गई. इसके अलावा उसकी चाल का भी एनालिसिस किया गया. आरोपी का बिहेवियरल एनालिसिस इंटरव्यू और लेयर्ड वॉयस एनालिसिस भी कराया गया. पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का एनालिसिस कर आरोपी की आवाजाही का पता लगाया. फुटेज में आरोपी सुबह करीब 6:30 बजे आवासीय परिसर में प्रवेश करता और करीब 7:20 बजे बाहर निकलता दिखाई दिया.

होटल से गिरफ्तार किया गया था आरोपी

पुलिस ने उसी दिन आरोपी को द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया था. पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई पूरी रकम भी बरामद कर ली गई. जांच के दौरान पड़ोसियों, सुरक्षा गार्डों, घरेलू हेल्पर, मजदूरों, ड्राइवरों, सफाईकर्मियों, ऑटो और टैक्सी चालकों समेत कई लोगों से पूछताछ की गई थी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement