दिल्ली के कई इलाकों में धुंध का असर देखने को मिल रहा है. ITO और इंडिया गेट-कर्तव्य पथ के आसपास स्मॉग छाया है, सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के अनुसार, इंडिया गेट और कर्तव्य पथ के पास एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 174 है. जो 'मध्यम' कैटेगरी में आता है.
इसके अलावा आनंद विहार में AQI 229, अशोक विहार में 201 और नेहरू नगर जैसे इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स 200 के पार दर्ज किया गया है, जो 'खराब' कैटेगरी में आता है. दिल्ली के मौसम की बात करें तो भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आज दिल्ली-NCR में आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं.
यह भी पढ़ें: 18 फरवरी को होगी दिल्ली-NCR में बारिश!
आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है. आज न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब रहेगा, लेकिन अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3.0 डिग्री ज्यादा जा सकता है.
इसके अलावा कल 14 फरवरी को दिल्ली में आसमान ज्यादातर साफ रहेगा, सुबह धुंध की संभावना बनी रह सकती है. अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री और न्यूनतम 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. कल न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3.0 डिग्री ज्यादा और अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ज्यादा (3.1 से 5.0 डिग्री) रहेगा.
देश के इन हिस्सों में बदलेगा मौसम
आने वाले दिनों में उत्तर भारत के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 17 फरवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में फिर एक बार फिर बारिश और बर्फबारी हो सकती है.