scorecardresearch
 

CJP के डंपर वाले वीडियो पर दिल्ली पुलिस का बड़ा खुलासा, DCP ने बताई पूरी टाइमलाइन

रायसीना रोड पर ईंटों से भरे डंपर के वायरल वीडियो को लेकर विवाद के बीच दिल्ली पुलिस ने अपना पक्ष रखा है. CJP के संस्थापक ने डंपर को साजिश का हिस्सा बताया था. वहीं डीसीपी नई दिल्ली सचिन शर्मा ने कहा कि डंपर सड़क हादसे के मामले में जब्त किया गया था और 20 जुलाई की सुबह कानून व्यवस्था के मद्देनजर खाली कर सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया था.

Advertisement
X
रायसीना रोड पर खड़े डंपर का वीडियो हुआ वायरल. (Photo: Screengrab)
रायसीना रोड पर खड़े डंपर का वीडियो हुआ वायरल. (Photo: Screengrab)

नई दिल्ली के रायसीना रोड पर ईंटों और पत्थरों से भरे एक डंपर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शुरू हुए विवाद पर दिल्ली पुलिस ने अपना पक्ष स्पष्ट किया है. CJP के संस्थापक ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए दावा किया था कि डंपर को पुलिस ने साजिश के तहत वहां खड़ा किया था. वहीं नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने इन दावों को पूरी तरह गलत और भ्रामक बताया है.

डीसीपी सचिन शर्मा ने कहा कि ट्रक नंबर HR63 E 6865 को जंतर-मंतर या किसी राजनीतिक दल के कार्यालय के बाहर दिल्ली पुलिस द्वारा जानबूझकर खड़ा किए जाने के दावे पूरी तरह निराधार हैं. उन्होंने कहा कि इस तरह की जानकारी भ्रामक है. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, यह ट्रक 16 जुलाई 2026 को दर्ज एफआईआर नंबर 65/2026 में जब्त किया गया था. पुलिस के अनुसार, उसी दिन इस ट्रक और एक ईको वैन के बीच सड़क हादसा हुआ था, जिसमें छह लोग घायल हुए थे. हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया था.

 16 जुलाई को हादसे के बाद जब्त किया गया था डंपर

पुलिस ने बताया कि जगह की कमी के कारण जब्त ट्रक को सुरक्षित रखने के लिए पहले संसद मार्ग थाने के पास खड़ा किया गया था. बाद में चलो संसद आंदोलन के दौरान कानून व्यवस्था की तैयारियों को देखते हुए ट्रक मालिक को निर्देश देकर 20 जुलाई 2026 की सुबह ट्रक को खाली कराया गया और सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया.

Advertisement

इससे पहले सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में रायसीना रोड पर ईंटों से भरा डंपर दिखाई दिया था. वीडियो साझा करते हुए CJP के संस्थापक ने दावा किया था कि पुलिस ने इसे साजिश के तहत वहां खड़ा किया था. वीडियो वायरल होने के बाद इसको लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं.

दिल्ली पुलिस ने कहा कि ट्रक को प्रदर्शनकारियों के खिलाफ किसी साजिश से जोड़ने का दावा पूरी तरह बेबुनियाद है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वो अपुष्ट या भ्रामक जानकारी साझा न करें और सिर्फ आधिकारिक स्रोतों से जारी जानकारी पर ही भरोसा करें.

वीडियो के बाद दिल्ली पुलिस ने जारी किया स्पष्टीकरण

दिल्ली पुलिस ने साफ किया है कि वायरल वीडियो और ट्रक की मौजूदगी को लेकर जो दावे किए जा रहे हैं, उनका वास्तविक घटनाक्रम अलग है. पुलिस का कहना है कि ट्रक की जब्ती, उसे रखने और बाद में हटाने की पूरी प्रक्रिया कानून के अनुसार की गई थी. फिलहाल दिल्ली पुलिस ने इस मामले में अपना आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी कर दिया है. इसके बाद वायरल वीडियो और उससे जुड़े दावों को लेकर चर्चा जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement