भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली में पार्टी संगठन में बड़ा फेरबदल किया है. दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने सोमवार को अपनी टीम के पदाधिकारियों और फ्रंटल संगठनों के प्रमुखों के नामों की घोषणा कर दी है. दिल्ली बीजेपी में 10 उपाध्यक्ष, तीन महासचिव और 9 प्रदेश सचिव बनाए गए हैं.
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने प्रदेश संगठन के साथ-साथ प्रदेश के सभी मोर्चा के अध्यक्षों के नाम का भी ऐलान कर दिया है. मल्होत्रा ने कहा कि ये नियुक्तियां राष्ट्रीय नेतृत्व से उचित सलाह-मशविरे और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की मंज़ूरी के बाद की गई हैं.
दिल्ली बीजेपी का मानना है कि नई टीम संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने में अहम भूमिका निभाएगी.
10 उपाध्यक्ष और तीन महासचिव बने
हर्ष मल्होत्रा की नई टीम में 10 प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए गए हैं तो तीन महासचिव नियुक्त किए हैं. बीजेपी ने राजेश भाटिया, सुनील यादव, रेखा पांडे मिश्र, कौशल मिश्रा, सारिका जैन, विनोद बहेती, विक्रम बिधूड़ी, रंजीत कश्यप, सोना कुमारी और विजय सोलंकी को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया है.
वहीं, बीजेपी ने महामंत्री पद की जिम्मेदारी विष्णु मित्तल, योगिता सिंह और मोहन लाल गिहारा को सौंपी गई है. बीजेपी ने अन्य संगठनात्मक पदों पर भी नियुक्तियों की घोषणा की गई है. इनमें सतीश गर्ग को कोषाध्यक्ष बनाया गया है. इसके अलावा मंत्रियों एवं अन्य पदाधिकारियों के नाम भी सूची में शामिल किए गए हैं. प्रवीण शंकर कपूर मीडिया टीम के प्रमुख के तौर पर अपने पद पर बने हुए हैं.
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा नेअनिल गुप्ता को मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया तो रोहित उपाध्याय सोशल मीडिया टीम की जिम्मेजारी सौंपी है.
युवा मोर्चा से अल्पसंख्यक मोर्चा की नियुक्ति
बीजेपी प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों के नाम के साथ-साथ पार्टी के अलग-अलग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के नाम का भी ऐलान कर दिया गया है. रजत चौधरी को दिल्ली बीजेपी युवा मोर्चा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि अर्चना गुप्ता महिला मोर्चा टीम की प्रमुख होंगी।
दिल्ली बीजेपी ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर संतोष पाल को बनाया गया है तो लाजपत राय (SC मोर्चा अध्यक्ष), सी एल मीणा (ST मोर्चा अध्यक्ष), संतोष ओझा (पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष), देवेंद्र सोलंकी (किसान मोर्चा अध्यक्ष) और अनीस अब्बास (अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष) शामिल हैं. अनीस अब्बास को दूसरी बार अल्पसंख्यक मोर्चा की जिम्मेदारी सौंपी गई है.