दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 10 दिनों के प्राकृतिक उपचार के बाद स्वस्थ होकर सोमवार रात बंगलुरू से दिल्ली लौट आए. वह खांसी और मधुमेह का इलाज कराने कर्नाटक की राजधानी गए थे. एयर इंडिया के विमान द्वारा दिल्ली पहुंचने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के नेता ने हवाईअड्डे के वीआईपी द्वारा से बाहर न निकलकर वहां पर मौजूद पत्रकारों को चौंका दिया.
एक सूत्र के मुताबिक, केजरीवाल हवाईअड्डे के उसी गेट से बाहर निकले जहां से अन्य यात्री निकल रहे थे. भीड़ से निकलकर वह एक गाड़ी में बैठे और दिल्ली के बाहरी इलाके में स्थित अपने घर की ओर निकल गए.
दिल्ली लौटे 46 वर्षीय केजरीवाल की जिम्मेदारी आप में मचे कलह को खत्म करने की भी है. पार्टी इस समय दो धड़ों में बंट गई है. एक धड़ा केजरीवाल के साथ है तो दूसरे धड़े का नेतृत्व पार्टी के दो वरिष्ठ नेता प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव कर रहे हैं. इस बीच पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) से निकाले गए नेता प्रशांत भूषण ने उनसे मिलकर विवाद खत्म करने की बात कही है.
प्रशांत ने कहा, 'अरविंद से मिलकर सारे विवाद को खत्म करना चाहता हूं. उनके दिल्ली लौटने के बाद उनसे आमने-सामने बैठकर बात करना चाहता हूं.' सूत्र बता रहे हैं कि प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव ने केजरीवाल को मैसेज भेजकर जल्द मिलने और विवाद खत्म करने की इच्छा जाहिर की है. AAP के अंदर घमासान और स्टिंग की आग के बीच कई सवाल केजरीवाल का इंतजार कर रहे हैं. केजरीवाल ने ट्विटर पर बताया कि नेचुरोपैथी ट्रीटमेंट के बाद वह फ्रेश और फिट महसूस कर रहे हैं और काम पर लौटने को लेकर उत्साहित हैं.
बंगलुरु के जिंदल नेचुरोपैथी सेंटर में 10 दिनों तक अपनी खांसी और डायबिटीज का इलाज करवाने के बाद केजरीवाल ने ट्वीट किया है, 'खांसी खत्म, शुगर कंट्रोल में है. फ्रेश और फिट महसूस कर रहा हूं. काम पर लौटने को लेकर उत्साहित हूं.' एक अन्य ट्वीट में केजरीवाल ने जिंदल इंस्टीट्यूट और वहां के डॉक्टर्स को धन्यवाद कहा है.
Cough gone, sugar under control. Feeling fresh n fit. Am excited to return to resume work(1/2)
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal)
Grateful 2 Jindal institute,its docs,staff. Congratulations 2 Sitaram ji for setting up such a wonderful institute n running it so well(2/2)
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal)
केजरीवाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'बारह दिन यहां रहा. खांसी कम हो गई है. डॉक्टर्स का आभारी हूं. सीताराम जी जो इतना अच्छा इंस्टिट्यूट चला रहे हैं, उनको बधाई. 12 दिन में काफी कुछ सोचने का वक्त मिला. शिक्षा और राशन प्रणाली में बहुत काम करने की जरूरत है. मनीष से लगातार बात होती रही है. कई प्रपोजल बनाएं हैं. मिड-डे मील को लेकर यहां कई किचन का दौरा किया. साफ-सफाई देखी. वापस लौटकर फिर से सरकार चलानी है.' बीते दिनों नेचुरोपैथी सेंटर में इलाज करवा रहे केजरीवाल की कुछ तस्वीरें भी सामने आई थीं. इन तस्वीरों में केजरीवाल योग की अलग-अलग मुद्राओं में नजर आएं.