छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मंगलवार सुबह एक स्कूल परिसर में पेड़ से दो दोस्तों के शव फांसी पर लटके मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
यह घटना पुसौर थाना क्षेत्र की है. जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित चिखली गांव में मंगलवार सुबह लगभग 8 बजे स्कूल परिसर के एक पेड़ पर दो युवकों के शव फांसी के फंदे से लटकते हुए मिले. दोनों ने एक ही साड़ी से फंदा बनाकर फांसी लगाई थी.
स्कूल परिसर में पेड़ से लटके मिले दो दोस्तों के शव
मृतकों की पहचान दीपक बरेठ (21 वर्ष) निवासी तेतला और शिवशरण कर्ष (22 वर्ष) निवासी कटंगपाली, जिला सारंगढ़ के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक दीपक बरेठ अपने दोस्त लाभोराम के साथ शिवशरण को कटंगपाली से जन्मदिन की पार्टी मनाने के लिए लेने गया था.
बताया जा रहा है कि रास्ते में लाभोराम को उतारने के बाद दोनों दोस्तों ने साथ में शराब पार्टी की. इसके बाद किसी अज्ञात कारण से दोनों ने एक ही फंदे पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
सुबह जब ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में पेड़ से दोनों युवकों के शव लटकते देखे तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया. इसके बाद तुरंत पुसौर पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया.
सुसाइड नोट नहीं मिला, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस के अनुसार घटना स्थल से किसी तरह का कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. दोनों युवकों ने किन कारणों से यह कदम उठाया, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है. पुलिस गांव वालों से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच जारी है.