रामायण फिल्म इस समय इंडियन सिनेमा की तरफ से सबसे बड़ी पिक्चर है. 4000 करोड़ रुपये की लागत से बनी ये फिल्म भारत के कल्चर को ग्लोबल प्लेटफॉर्म पर पेश करने वाली है. इसमें दिखा हर किरदार दुनियाभर में पहचाना जाएगा. फिर चाहे वो राम बने रणबीर कपूर हो या रावण के रोल में यश, हर कोई फिल्म में दिखाए किरदारों की बात करेगा.
रामायण फिल्म का ट्रेलर कुछ ही दिन पहले सामने आया था, जिसमें हमें कई सारे एक्टर्स अलग-अलग किरदारों में नजर आए. इसमें सबसे ज्यादा ध्यान रकुल प्रीत सिंह पर गया, जो बेहद ग्लैमरस अंदाज में रावण की बहन शूर्पणखा बनकर स्क्रीन पर दिखीं. इस किरदार में कुछ लोगों ने कहा कि वो जंच भी रही हैं. मगर रकुल ने ऐसा रोल क्यों चुना, ये सवाल भी कई लोगों के मन में होगा.
रामायण में रकुल प्रीत सिंह
शूर्पणखा का किरदार हमारे पौराणिक ग्रंथों में एक राक्षस की बहन का है, जो खुद एक राक्षसी थी. वाल्मीकि रामायण में उसका जिक्र एक मायावी राक्षसी का था, जो रूप बदल सकती थी. अब रकुल प्रीत सिंह ने सामने से बताया कि वो क्यों रावण की राक्षसी बहन बनने के लिए तैयार हुईं. सोशल मीडिया के जरिए उन्होंने इसका खुलासा किया था.
X पर एक फैन ने रकुल के लिए लेटर लिखा था, जिसमें उन्होंने उनके शूर्पणखा बनने की जमकर तारीफ की थी. इसी पर उन्होंने जवाब देते हुए लिखा- इस खूबसूरत लेटर के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद. मैंने शूर्पणखा का किरदार इसलिए चुना, क्योंकि जैसा आपने कहा कि उसका किरदार बेहद गहरा और कई पहलुओं वाला है.
'इतिहास में अक्सर उसे सिर्फ एक घटना की वजह से याद किया जाता है, लेकिन उसकी कहानी इससे कहीं ज्यादा बड़ी है. एक कलाकार के तौर पर ऐसे किरदार निभाना सबसे ज्यादा रोमांचक होता है, जो लोगों की सोच बदलने का मौका दें. मुझे उम्मीद है कि जब रामायण रिलीज होगी, तो ऑडियंस शूर्पणखा के किरदार को खुले मन से देखेंगे और समझेंगे.'
कब आएगी रामायण?
फिल्म रामायण दो पार्ट्स में आने वाली है, जिसका पहला पार्ट इसी साल दिवाली पर रिलीज होगा. इसमें साई पल्लवी माता सीता, रवि दुबे लक्ष्मण तो सनी देओल हनुमान जी की भूमिका में नजर आएंगे. इसे DNEG वाले नमित मल्होत्रा प्रोड्यूस कर रहे हैं.