कैंसर आज सिर्फ एक बीमारी नहीं, बल्कि लाखों परिवारों की चिंता का कारण बन चुका है. खासकर जब बात बेटियों की हो, तो हर मां-बाप के दिल में एक ही डर होता है—कहीं उनकी बच्ची किसी गंभीर बीमारी की शिकार न हो जाए. सर्वाइकल कैंसर ऐसी ही एक खतरनाक बीमारी है, जो चुपचाप महिलाओं की सेहत को नुकसान पहुंचाती है. लेकिन अब इस डर को कम करने की तरफ एक बड़ा और उम्मीद भरा कदम उठाया गया है.
भारत में बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए केंद्र सरकार ने ऐतिहासिक पहल की है. पीएम नरेंद्र मोदी ने अजमेर से देशव्यापी HPV (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) वैक्सीनेशन प्रोग्राम की शुरुआत की. इस अभियान का मकसद है कि हर साल लगभग 1.15 करोड़ 14 साल की लड़कियों को फ्री टीका लगाया जाए, ताकि वे भविष्य में इस जानलेवा बीमारी से सुरक्षित रह सकें. आइए जानते हैं कि ह्यूमन पैपिलोमावायरस यानी HPV क्या है और HPV वैक्सीनेशन क्यों जरूरी है.
HPV यानी ह्यूमन पैपिलोमावायरस एक नॉर्मल वायरस है, जो मुख्य तौर पर संपर्क के जरिए फैलता है. यह लंबे समय तक शरीर में बिना लक्षण के रह सकता है. इतना ही नहीं कुछ प्रकार के HPV संक्रमण आगे चलकर सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) का कारण बन सकते हैं. पिछले कुछ समय से महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर के मामले तेजी से बढ़े हैं और इसी वजह से सरकार ने इस अभियान की शुरुआत की है.
सरकार ने इस अभियान को खासतौर पर 14 साल की लड़कियों के लिए शुरू किया है. एक्सपर्ट का मानना है कि कम उम्र में वैक्सीन लगवाने से शरीर में मजबूत इम्यूनिटी बनती है, जो आगे चलकर शरीर को इंफेक्शन से बचाती है. यह टीका देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में निर्धारित सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर फ्री में कराया जा सकता है.
भारत में सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले आम कैंसर में से एक है. जागरूकता की कमी और समय पर जांच न होने के कारण कई मामलों का पता देर से चलता है.
HPV वैक्सीन संक्रमण के उन प्रकारों से बचाव करती है, जो कैंसर का मुख्य कारण बनते हैं. डॉक्टरों के अनुसार, सही उम्र में टीका लगवाने से भविष्य में कैंसर का खतरा काफी हद तक कम किया जा सकता है.
यह अभियान स्कूलों और सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों के द्वारा चलाया जाएगा. हेल्थ केयर वर्कर्स लड़कियों और उनके पैरेंट्स को जागरूक करेंगे. वैक्सीनेशन पहले जरूरी जानकारी दी जाएगी और पूरे प्रोसेस को सुरक्षित तरीके से किया जाएगा.
हेल्थ एक्सपर्ट के मुताबिक, HPV वैक्सीन सुरक्षित और असरदार है. इसे विश्व स्तर पर कई देशों में अपनाया जा चुका है. हल्का बुखार या इंजेक्शन वाली जगह पर दर्द जैसे सामान्य दुष्प्रभाव हो सकते हैं, जो कुछ समय में ठीक हो जाते हैं.
पीएम मोदी ने इस पहल को बेटियों के स्वस्थ भविष्य की गारंटी बताया है. उन्होंने माता-पिता से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को समय पर टीका लगवाएं और इस राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा बनें.
HPV वैक्सीनेशन सिर्फ एक टीका नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी को कैंसर से बचाने की एक मजबूत रणनीति है. कैंसर जिस तरह से अपने पैर पसार रहा है, उसे देखते हुए सही जानकारी और समय पर कदम उठाकर हम अपनी बेटियों को एक सुरक्षित और हेल्दी लाइफ दे सकते हैं.