scorecardresearch
 

फैक्ट चेक: असली नहीं है वैभव सूर्यवंशी को घड़ी गिफ्ट करतीं काव्या मारन की ये तस्वीर

सोशल मीडिया पर काव्या मारन और वैभव सूर्यवंशी की वायरल तस्वीर फर्जी है. दावा था कि काव्या ने मैच के बाद वैभव को घड़ी गिफ्ट की, लेकिन आजतक फैक्ट चेक में ये पूरी तरह झूठ साबित हुआ. असल में सिर्फ हाथ मिलाकर बधाई दी गई थी, तस्वीर को AI से एडिट करके बनाया गया है.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
सनराइजर्स हैदराबाद की को-ओनर काव्या मारन ने एलिमिनेटर मैच में हार के बावजूद राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को घड़ी गिफ्ट की.
सोशल मीडिया यूजर्स
सच्चाई
इसे AI की मदद से एडिट करके बनाया गया है. असल में काव्या ने वैभव से सिर्फ हाथ मिलाया था और उन्हें बधाई दी थी.

आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने 27 मई को सनराइजर्स हैदराबाद को बड़ी शिकस्त दी, और इस जीत के साथ राजस्थान ने क्वालीफायर-2 में अपनी जगह बना ली. इस मैच में राजस्थान के लिए वैभव सूर्यवंशी स्टार प्लेयर साबित हुए. उन्होंने महज 29 गेंदों में 97 रनों की शानदार पारी खेली.

अब वैभव सूर्यवंशी और सनराइजर्स हैदराबाद टीम की को-ओनर काव्या मारन की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब शेयर की जा रही है. इस तस्वीर में काव्या, सूर्यवंशी को मैदान में एक घड़ी पहनाती हुई नजर आ रही हैं. इसे शेयर करने वालों का कहना है कि हैदराबाद की हार की एक बड़ी वजह सूर्यवंशी थे जिनकी धमाकेदार पारी की बदौलत राजस्थान ने हैदराबाद के खिलाफ एक बड़ा स्कोर खड़ा किया और हैदराबाद हार गई. इसके बावजूद काव्या ने वैभव को एक खास घड़ी गिफ्ट की.

तस्वीर को एक्स पर शेयर करते हुए एक व्यक्ति ने लिखा, “वैभव सूर्यवंशी को वो मिला जो आज तक किसी को नहीं मिला.RRvsSRH के मैच समाप्त हो गई तब मैदान पर सभी लोग थे तभी वहां काव्या मारण जो कि SRH की मालकिन हैं वो वहां आती हैं और वैभव सूर्यवंशी को एक घड़ी गिफ्ट करती हैं.यह घड़ी आखिर क्यों गिफ्ट की वैभव सूर्यवंशी को जबकि उनकी टीम को बाहर करने वाला यही वैभव की 29 गेंद में 97 रनों की पारी थी.क्या काव्या मारण अगली बार वैभव सूर्यवंशी को अपने टीम में शामिल कर पाएंगी या नहीं ये देखने वाली बात होगी.”

Advertisement

 Vaibhav Sooryavanshi

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये असली तस्वीर नहीं है. इसे AI की मदद से एडिट करके बनाया गया है.

कैसे पता की सच्चाई?

वायरल फोटो को रिवर्स सर्च करने पर हमें कई न्यूज रिपोर्ट्स मिलीं जिनमें काव्या मारन, राजस्थान के खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी से हाथ मिलाती हुए दिख रही हैं. हमें ऐसी कोई न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली जिसमें ये बताया गया हो कि काव्या ने वैभव को मैच के बाद घड़ी गिफ्ट की.

इन रिपोर्ट्स के मुताबिक 27 मई को हुए एलिमिनेटर मैच में मिली हार के बाद भी हैदराबाद कैंप ने राजस्थान रॉयल्स के वैभव की खूब तारीफ की थी. वैभव की तूफानी पारी के चलते राजस्थान ने 243 का बड़ा स्कोर बनाया. जवाब में हैदराबाद 196 रन ही बना सकी और मैच हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई. मैच के बाद काव्या, वैभव से मिलीं, उनसे हाथ मिलाया और उनकी शानदार पारी के लिए उन्हें बधाई भी दी. सोशल मीडिया पर उनकी इस प्रतिक्रिया की काफी तारीफ भी हुई.

आईपीएल के ऑफिशियल एक्स हैंडल पर भी ये वीडियो अपलोड किया गया था, जिसमें दोनों लोग हाथ मिलाते हुए देखे जा सकते हैं. इस वीडियो में बिल्कुल वही फ्रेम और वही बैकग्राउन्ड मौजूद है, जो वायरल तस्वीर से हूबहू मिलता है. इसी फ्रेम को एआई की मदद से एडिट करके वायरल तस्वीर बनाई गई है.

Advertisement

Kavya Maran

यानि साफ है कि एक एडिटेड तस्वीर को असली बताकर शेयर किया जा रहा है.  
 

---- समाप्त ----
Live TV

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement