
मुस्कुराती हुई छोटी बच्ची का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. इसमें इमोशनल म्यूजिक भी है. इसे शेयर करने वाले ज्यादातर लोग भावुक कर देने वाले कैप्शंस के साथ लिख रहे हैं कि इस बच्ची के माता-पिता ने उसे लावारिस हालत में छोड़ दिया है.
कुछ लोगों का कहना है कि ये मामला महाराष्ट्र के नासिक का है, जहां एक दंपति ने अपनी मासूम-सी बच्ची को सिर्फ इसलिए छोड़ दिया क्योंकि वो एक लड़की है, और उन्हें बेटे की चाहत थी.
वीडियो इतना ज्यादा वायरल है कि कई न्यूज आउटलेट्स ने भी इसे शेयर कर दिया. कुछ ने तो इसे नासिक की घटना बताते हुए इसके बारे में खबरें तक छाप दीं.

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये महज एक शॉर्ट फिल्म की शूटिंग का वीडियो है. ये किसी असली घटना को नहीं दिखाता.
कैसे पता लगाई सच्चाई?
वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें ये ‘यशिका पाटीदार’ नाम के एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला. यहां इसे 4 जुलाई को शेयर किया गया था. वीडियो के कैप्शन में साफ लिखा है कि ये ‘नया साल’ नाम की एक शॉर्ट फिल्म की शूटिंग का वीडियो है.
लंबे वर्जन वाले इस वीडियो के आखिर में कैमरामैन भी दिखाई देता है. इसके अलावा शूटिंग लाइट्स भी दिखाई देती हैं.
इस अकाउंट पर इस शूटिंग का एक और वीडियो भी मौजूद है. इसमें बाकायदा ‘एक्शन’ बोलने के साथ शूटिंग शुरु होती है. एक एक्टर बच्ची को उठाकर रोने की एक्टिंग भी करता हुआ नजर आता है. सीन कैसे शूट करना है, ये समझाते हुए एक आदमी डायरेक्शन देता हुआ भी दिखता है.
एक वीडियो के कमेंट में बच्ची की मां वर्षा पाटीदार ने भी बताया कि ये वीडियो फिल्म शूटिंग का है.
यानी साफ है कि जिस वीडियो के साथ इमोशनल म्यूजिक लगाकर दावा किया जा रहा है कि बच्ची के माता-पिता लावारिस हालत में उसे छोड़ गए, वो किसी असल घटना का वीडियो है ही नहीं.