क्या आप ऐसी किसी शादी में गए हैं जहां लड़के और लड़की वालों के बीच भयानक झगड़ा हो जाए और वो इतना बढ़ जाए कि दुल्हन का भाई दूल्हे का कॉलर ही पकड़ ले? सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही वायरल हो रहा है.
इस वीडियो में एक टेंट के अंदर कुछ लोग बहस करते नजर आ रहे हैं. उनके आसपास फ्रिज, अलमारी जैसी कई चीजों के डिब्बे रखे हैं. एक आदमी ने दूल्हे का लिबास पहन रखा है. वो बाकी लोगों से कहता है, "मुझे बाइक चाहिए तभी सिंदूर डालेंगे."
ये सुन कर वहां खड़े लोग भड़क जाते हैं और कहते हैं, "तुमको चार लाख दिया जा रहा था, पचास हजार कम करने पर नहीं माना तुम्हारा बाप. तुमसे ज्यादा पढ़ी है लड़की."
इसके बाद भी दूल्हा मोटरसाइकिल की मांग पर अड़ा रहता है. अंत में लड़की वाले दहेज का केस करने की बात बोलकर शादी तोड़ देते हैं.
बहुत सारे लोग इसे असली घटना मान रहे हैं. एक फेसबुक यूजर ने इसे पोस्ट करते हुए लिखा, “दहेज ना मिलने पर दूल्हे ने किया शादी से इंकार, तो दुल्हन के भाई ने जम कर की पिटाई.” इस पोस्ट के कमेंट्स में कई लोग इस दुल्हे को पीटने और जेल भेजने की बात कर रहे हैं.
जब हमने इस वीडियो की जांच की तो हमें पता चला ये एक स्क्रिप्टेड वीडियो है जिसे दहेज प्रथा के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए बनाया गया था.
कैसे पता लगाई सच्चाई?
वायरल वीडियो में लोगों के बात करने का लहजा बिहारी लग रहा है. ये देखकर हमें लगा कि शायद इस वीडियो का कोई बिहार कनेक्शन हो सकता है.
इस वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें यह वीडियो ‘’ नाम के एक फेसबुक पेज पर मिला. यहां इसे 4 जून को अपलोड किया गया था.
यहां साफ तौर पर लिखा है कि ये एक स्क्रिप्टेड वीडियो है जिसे जागरुकता फैलाने के उद्देश्य से बनाया गया है.

इस बारे में और जानकारी पाने के लिए हमने इस फेसबुक पेज के एडमिन मनजीत कुमार मौर्या से बात की. उन्होने '' को बताया कि वे बिहार के मोतिहारी जिले के रहने वाले हैं और इस वीडियो की स्क्रिप्ट उन्होंने ही लिखी थी. इसका डायरेक्शन भी उन्होंने ही किया था. इसकी शूटिंग लगभग 10 दिन पहले मोतिहारी में हुई थी.
वे कहते हैं, "दहेज की मांग को लेकर अक्सर ऐसी घटनाएं होती रहती हैं. यही वजह है कि हमने इस सामाजिक बुराई के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के लिए ये वीडियो बनाया था."
पर इस तरह के और भी कई देखे जा सकते हैं.
पड़ताल से ये बात साफ हो जाती है कि दहेज प्रथा के खिलाफ जागरुकता फैलाने के मकसद से बनाए गए एक स्क्रिप्टेड वीडियो को लोग असली घटना मान रहे हैं.
(यश मित्तल के इनपुट के साथ)