scorecardresearch
 

फैक्ट चेक: दिल्ली के सत्य निकेतन में हुए बिल्डिंग हादसे के नहीं हैं ये वीडियो

दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में बिल्डिंग गिरने की घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हुए, जिनमें से अधिकांश वीडियो असली नहीं हैं. इनमें मुरादाबाद और बेंगलुरु के पुराने वीडियो शामिल हैं.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
ये दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में बिल्डिंग गिरने का वीडियो है.
सोशल मीडिया यूजर्स
सच्चाई
ये यूपी के मुरादाबाद का वीडियो है जहां 5 सितंबर, 2026 को एक जर्जर बिल्डिंग ढह गई थी.    

दक्षिणी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में एक बिल्डिंग ढहने से हुए हादसे में 7 सितंबर को कम से कम 7 लोगों की मौत होने की बात  सामने आई है. घायलों का इलाज जारी है. अब इस घटना का बताकर सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे वीडियो वायरल हो गए हैं, जिनमें बिल्डिंग गिरती हुई दिख रही है. लेकिन आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि इनमें से कई वीडियो का दिल्ली हादसे से कोई लेना-देना नहीं है.  

हम इस खबर में चार ऐसे ही वीडियो की बात करेंगे.  

दिल्ली नहीं, मुरादाबाद का है ये वीडियो

इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक इमारत चंद सेकेंड्स में भरभराकर गिर जाती है. इसे इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए एक व्यक्ति ने लिखा “दिल्ली के सत्य निकेतन में बहुमंजिला इमरात ढही.” वहीं एक अन्य ने लिखा, “आखिर तक देखो, कैसे दिल्ली में ताश के पत्तों की तरह ढह गई पूरी बिल्डिंग!”

Fact check
 

वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें आजतक समेत तमाम न्यूज आउटलेट्स की रिपोर्ट्स मिलीं, जिनके मुताबिक बिल्डिंग ढह जाने का ये वीडियो उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद का है. न्यूज 24 के एक्स पोस्ट में भी ये वीडियो देखा जा सकता है. रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे के वक्त इमारत में कोई नहीं था. 

दैनिक भास्कर की 5 सितंबर की रिपोर्ट के मुताबिक मुरादाबाद में बारिश के बीच 5 सितंबर को मुगलपुरा इलाके में ये बिल्डिंग गिर गई. बिल्डिंग की जर्जर स्थिति देखते हुए प्रशासन ने एक दिन पहले ही इसे सील कर दिया था. बिल्डिंग सरफराज अली नाम के शख्स की थी.

2021 का ये वीडियो बेंगलुरु का है 

Fact check
 

Advertisement

देखते ही देखते इमारत ढह जाने का ये वीडियो  भी सत्य निकेतन हादसे का बताकर वायरल हो रहा है. लेकिन इसके कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें ये 2021 की तमाम न्यूज रिपोर्ट्स में मिला. रिपोर्ट्स के मुताबिक ये वीडियो बेंगलुरु के लक्कासांद्रा इलाके का है, जहां ये तीन मंजिला इमारत गिर गई थी. टाइम्स ऑफ इंडिया की 27 सितंबर, 2021 की रिपोर्ट में भी इसे देखा जा सकता है. 

AI जेनरेटेड हैं ये वीडियो
 

Fact check
 

इस वीडियो पर लिखा है, “6 सितंबर, 2026. दिल्ली विश्वविद्यालय के लिए काला दिन.”

लेकिन ये वीडियो असली नहीं है. इसमें एक दुकान दिखती है, लेकिन दुकान का नाम अटपटे शब्दों में लिखा हुआ है. रिवर्स सर्च करने पर पता चला कि इसे ‘@sirrixai’ नाम के एक इंस्टाग्राम अकाउंट ने पोस्ट किया था. वीडियो के डिस्क्रिप्शन में साफ बताया गया है कि ये एक AI जेनरेटेड वीडियो है. और इसे सत्य निकेतन हादसे का असली वीडियो न माना जाए. इस अकाउंट पर AI से बने ढेरों वीडियो मौजूद हैं. 
Fact check


इस दूसरे वीडियो में जब बिल्डिंग गिर रही होती है तो उसके ठीक नीचे मौजूद लोग वहां से भागते नहीं है, और वहीं खड़े रहते हैं. जबकि बिल्डिंग से कुछ दूरी पर कुछ लोग अपने आप ही सड़क पर लेट जाते हैं. AI डिटेक्टर टूल हाइव मॉडरेशन ने भी इस वीडियो के AI से बने होने की 97 फीसदी संभावना बताई है. जाहिर है कि ये वीडियो भी AI से बनाया गया है.  

Advertisement

साफ है, पुराने और AI जेनरेटेड वीडियो को दिल्ली में बिल्डिंग गिरने की घटना के संदर्भ में शेयर किया जा रहा है.  

---- समाप्त ----
Live TV

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement