लंदन ओलंपिक खेलों के लिये क्वालीफाई करने वाले चारों पहलवान सहित भारत का 17 सदस्यीय दल सोमवार सुबह बेलारूस के लिये रवाना हो गया जहां खेलों की अंतिम तैयारियों के लिये पहलवानों को शिविर और अभ्यास सत्र में भाग लेना है.
भारतीय दल में ओलंपिक खेलों में देश के लिये क्वालीफाई करने वाली पहली महिला पहलवान गीता फोगट (55किलो) के अलावा लंदन खेलों में भाग लेने वाले सबसे कम उम्र के पहलवान 19 साल के अमित कुमार (55किलो) लगातार तीसरी बार ओलंपिक खेलों में भाग लेने जा रहे योगेश्वर दत्त (60किलो) और नरसिंह यादव (74किलो) शामिल है.
इसके अलावा इस दल में इन पहलवानों के साथ अभ्यास करने के लिये जाने वाले अन्य आठ पहलवान शामिल है. इस तरह इस दल में 12 पहलवान और तीन कोच, एक फिजियो और मालाशिया शामिल हैं. भारतीय दल बेलारूस से ही सीधे लंदन के लिये रवाना होगा.
लंदन ओलंपिक खेलों के लिये क्वालीफाई करने वाले पांच पहलवानों में से एक ओलंपिक कांस्य पदक विजेता सुशील कुमार बेलारूस गये दल में शामिल नहीं है. सुशील के कोच महाबली सतपाल ने बताया कि सुशील को 27 जुलाई को लंदन ओलंपिक खेलों के उदघाटन समारोह के दौरान भारतीय दल का ध्वजवाहक बनाया गया है. वह 26 जुलाई को मुख्य कोच विनोद कुमार के साथ लंदन के लिये रवाना होंगे.
सुशील कुमार ओलंपिक उदघाटन समारोह में भाग लेने के बाद कोच विनोद कुमार के साथ 28 जुलाई को अपनी टीम के अन्य सदस्यों से जुड़ने के लिये बेलारूस के मिन्स्क के लिये रवाना हो जाएंगे. लंदन ओलंपिक कुश्ती प्रतियोगिता पांच अगस्त से शुरू होकर 12 अगस्त तक चलेंगी.