यूट्यूबर और बिग बॉस फेम अनुराग डोभाल एक बार फिर सुर्खियों में हैं. अनुराग ने अपने एक व्लॉग में परिवार संग अपने बिगड़े रिश्तों पर बात की. उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खुद का परिवार उनके साथ इतना बुरा करेगा. यूट्यूबर ने कहा कि जो प्रॉपर्टी उन्होंने अपने पैसों से खरीदी थी, वो अब उन्हें मिलने वाली है. अनुराग ने ये भी कहा कि बीता कुछ समय उनके लिए काफी मुश्किलभरा रहा है.
इमोशनल हुए अनुराग
परिवार संग टूटे रिश्तों पर अनुराग बोले- मुझे लेकर सबसे बड़ा झूठ ये फैलाया गया कि मेरी प्रॉपर्टी मुझे लौटा दी गई है और मैं इंटरनेट पर इसे लेकर झूठ बोल रहा हूं. मेरे बारे में बहुत से झूठ बोले गए. लेकिन सच ये है कि मुझे कभी प्रॉपर्टी मिली ही नहीं. हमने कानूनी लड़ाई लड़ी. वो लोग न कभी कोर्ट आए और न ही पुलिस स्टेशन. वो हर चीज को नजरअंदाज करते गए. लेकिन एक्सीडेंट के 2 महीने बाद मैंने सारे प्रुफ अपलोड कर दिए थे.
अनुराग ने आगे अपने सभी सपोर्टर्स का शुक्रिया अदा किया. अनुराग बोले- मुझे सपोर्ट करने के लिए उत्तराखंड पुलिस का धन्यवाद. मेरे सभी सपोर्टर्स को उससे भी बड़ा थैंक्यू, जिन्होंने मुझे अपने हक के लिए लड़ने के लिए मोटिवेट किया.
मुश्किल दौर को याद करते हुए अनुराग आगे बोले- लोगों ने हर तरह से मुझे इस्तेमाल किया. मुझसे आगे निकलने की कोशिश की. मेरे बारे में गलत-गलत बातें बोलीं, क्योंकि मेरे साथ मेरा खुद का परिवार खड़ा नहीं था. कई लोगों ने इस बात का फायदा उठाया.
प्रॉपर्टी के लिए परिवार संग विवाद
अनुराग ने कहा कि प्रॉपर्टी को लेकर चल रही कानूनी लड़ाई में उनके हक में फैसला होने वाला था, लेकिन गलत डॉक्यूमेंट्स की वजह से उन्हें प्रॉपर्टी वापस नहीं मिल पाई. अनुराग बोले- सच में लगा था कि न्याय होता है.
अनुराग आगे बोले- अब मैं सिर्फ खुद के लिए और अपने बच्चे के लिए जीना चाहता हूं. मुझे मेरे फैंस से बहुत सपोर्ट मिला है. मैंने अपने पेरेंट्स को भले ही खो दिया, लेकिन कई लोगों ने मुझे अपने परिवार का हिस्सा बनाया. मेरे पास अब फिर से परिवार है. वीडियो में अनुराग इमोशनल भी होते नजर आए.
अनुराग से परिवार ने तोड़ दिया है रिश्ता
बता दें कि अनुराग के परिवार ने काफी पहले ही उनके साथ रिश्ता तोड़ दिया था. यूट्यूबर का आरोप था कि उनके पिता ने उन्हें और उनकी पत्नी रितिका को प्रॉपर्टी से बेदखल कर दिया था. अनुराग एक समय पर मानसिक रूप से इतना परेशान थे कि उन्होंने एक्सीडेंट कर सुसाइड करने की कोशिश की थी. लेकिन उनकी जान बच गई. अनुराग अब पत्नी-बच्चे संग नई तरह से जिंदगी की शुरुआत कर रहे हैं.