बिग बॉस 17 के कंटेस्टेंट और यूके07 राइडर नाम से मशहूर यूट्यूबर अनुराग डोभाल अपने नए व्लॉग के साथ वापस आ गए हैं. इस बार वो अकेले नहीं, बल्कि अपनी पत्नी रितिका के साथ आए और फैंस से माफी भी मांगी. अनुराग का कुछ महीनों पहले जानलेवा एक्सीडेंट हुआ था, जिसकी वजह से वो काफी समय तक अस्पताल में थे.
अपनी पत्नी के साथ वापस आए अनुराग
कहा जाता है कि अनुराग काफी तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहे थे. उन्होंने इंस्टाग्राम पर लाइव किया था, जहां वो गाड़ी तेजी में चला रहे थे. फिर उनका एक्सीडेंट हुआ और उन्हें पास के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. उस दौरान उनकी पत्नी रितिका प्रेग्नेंट थीं, उनपर भी मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा था. कुछ वक्त के बाद रितिका ने अपने बेटे को जन्म दिया, जिसे देखने के लिए अनुराग ऋषिकेश पहुंचे थे. इसका एक व्लॉग भी उन्होंने शेयर किया था.
अब पिता बनने के बाद, अनुराग को अपनी गलतियों का एहसास हो गया है. नए यूट्यूब व्लॉग में उन्होंने माफी मांगते हुए अपनी पत्नी संग रीयूनियन पर बात की है. साथ ही पिछले कुछ सालों में उनके साथ जो कुछ हुआ, उसपर भी अनुराग ने रिएक्शन शेयर किया है. उन्होंने कहा है कि उनकी जिंदगी में पिछले कुछ वक्त से काफी कुछ चल रहा था. वो और उनकी पत्नी ने परिवार के लिए ढेर सारी कुर्बानी दी, लेकिन उन्हें कुछ समझ नहीं आया कि अंत में उनके साथ क्या हुआ.
अपने एक्सीडेंट के बारे में अनुराग ने कहा, 'मुझे लगता है कि मैं कई जगहों पर गलत था. जो परिवार मैंने रितिका को वादा किया था, वो मैं उसे दे नहीं पाया. मेरे पास अपने लिए कुछ भी नहीं था, मैं पूरा समय परिवार के लिए काम करता रहा. आज मेरे पास न घर है, न परिवार है, न कोई स्थिरता. सब कुछ बर्बाद हो गया है. हमने करोड़ों की गाड़ियां लीं, मेरे लिए घर लेना कभी मुश्किल नहीं था, लेकिन मेरे लिए घर वो है जहां पूरा परिवार साथ रहे. हम एक परिवार चाहते थे. मैंने रितिका से वादा किया था कि उसके जीवन में एक पिता जैसा व्यक्ति होगा. मैंने बहुत सारी गलत फैसले लिए, लेकिन 7 मार्च को जो हुआ, वो सबसे बुरी गलती थी. परिवार को जोड़कर रखने में हम अपनी मानसिक शांति खो बैठे. मैं पागल हो गया था. जो प्लॉट्स मैंने लिए, वो भी उनके नाम पर थे. मेरे नाम पर एक भी प्रॉपर्टी नहीं है, सब कुछ उनके लिए ही था. रितिका और सबको मैं सच में माफी चाहता हूं कि मैं अचानक गायब हो गया, लेकिन मैं बहुत ज्यादा दुखी और आहत था.'
परिवार से भी मिलेगा यूके07 राइडर?
अनुराग की पत्नी ने कहा कि जो हुआ, उसमें सिर्फ यूट्यूबर की गलती नहीं थी. लेकिन अब चूंकि वो दोनों साथ आ गए हैं, तो वो अपनी जिंदगी का नया रास्ता खुद बनाएंगे. दोनों नए सिरे से अपनी जिंदगी शुरू करेंगे. यूट्यूबर ने आगे अपने परिवार संग सुलह पर भी बात की. अनुराग ने साफ किया कि वो कभी अपने परिवार के पास वापस नहीं जाना चाहेंगे. उन्होंने जो कुछ किया और कमाया, वो सबकुछ उनके परिवार के लिए था. लेकिन परिवार ने यूट्यूबर से नाता तोड़ दिया.
अनुराग की पत्नी ने दावा किया कि उन्होंने उनके ससुराल वालों को कॉल भी की थी, जब यूट्यूबर आईसीयू में भर्ती थे. लेकिन उनसे मिलने कोई नहीं आया. यूट्यूबर ने कहा- भले ही मेरी जिंदगी उनकी नजर में कोई मायने न रखती हो, लेकिन उनके लिए मेरे दिल में हमेशा जगह रहेगी. मैं उनसे नफरत नहीं करता, लेकिन हम दोनों ने सोच-समझकर फैसला कर लिया है कि अब हम वापस नहीं जाएंगे और न ही रिश्ता जोड़ेंगे. अब हम अपनी जिंदगी और नहीं बर्बाद कर सकते. हमारे पास एक बच्चा है, जिसका ख्याल रखना है. हम अब नई शुरुआत कर रहे हैं. पुराना चैप्टर बंद हो चुका है, और हम इस बारे में कभी भी दोबारा चर्चा नहीं करेंगे. जिन लोगों को हमने दुख पहुंचाया है, उनसे हम माफी मांगते हैं. और जो लोग हमारे साथ खड़े रहे, उनका बहुत-बहुत धन्यवाद.