एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला ने महज 42 की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया था. शेफाली की मौत को लेकर कई तरह की बातें कही गईं. रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि एक्ट्रेस ब्यूटी इंजेक्शन लेती थीं. अब पराग त्यागी ने पत्नी की मौत पर चुप्पी तोड़ी है.
कैसे हुई शेफाली की मौत
शेफाली की मौत के बाद कहा गया कि उन्होंने भूखे पेट ब्यूटी इंजेक्शन लिया था, जो उनकी मौत का कारण बना. फिल्मी ज्ञान को दिए इंटरव्यू में पराग ने इन अफवाहों को नकारा है. उन्होंने कहा कि हम लोग सब कुछ खाते हैं. हमें भूखे रहने की क्या जरूरत है. शेफाली के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, वो अपनी जिंदगी के इस समय में सबसे फिट थीं. भूखे रहने से चेहरा मुरझा जाता है. पराग ने शेफाली के फेयरनेस या जवानी के लिए इंजेक्शन लगाने की अफवाहों को भी खारिज किया. पराग ने कहा कि उन्हें और गोरी होने की क्या जरूरत थी? प्लीज मुझे भी बताइए वो कौन सा इंजेक्शन होता है, जो जवान रखता है. अगर आज ऐसा होता तो रतन टाटा जी भी जिंदा होते.
पराग ने कहा कि शेफाली की मौत तय थी और वो अब इसके साथ शांति से रह रहे हैं. उन्होंने कहा कि शारीरिक रूप से भले ही कम समय के लिए साथ थी, लेकिन आत्माएं हमेशा जुड़ी रहेंगी. लोगों से अपील की कि अफवाहें न फैलाएं. पराग कहते हैं कि ये सब मत करो यार.
आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में पराग ने बताया कि उनका पेट डॉग सिम्बा मुश्किल वक्त में उनका इमोशनल सपोर्ट बना. उन्होंने कहा, उसकी फिजिकल मौजूदगी और टच इमोशनली बहुत मायने रखता है. उन्होंने ये भी कहा कि सिम्बा को वो सिर्फ हीलिंग के लिए नहीं देखते.
27 जून 2025 को शेफाली जरीवाला की अचानक मौत ने फैन्स को हैरान कर दिया था. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'कांटा लगा गर्ल' शेफाली को कार्डियक अरेस्ट आया था. शेफाली पुराने इंटरव्यू में बता चुकी थीं कि यंग ऐज में उन्हें एपिलेप्सी था. वो 15 साल की थीं जब उन्हें पहली बार मिर्गी का दौरा आया. कई बीमारियों से लड़ने के बाद 42 की उम्र में शेफाली फिट थीं. इसलिए उनकी मौत फैन्स को बड़ा झटका दे गई.