टीवी एक्ट्रेस ऋतु चौधरी सेठ क्योंकि सास भी कभी बहू थी शो में तुलसी विरानी की बेटी का किरदार निभाने के लिए जानी जाती हैं. पहले सीजन के दौरान उन्होंने लगातार 10 साल तक काम किया और उसके बाद ब्रेक ले लिया था. ऋतु की शादी कम उम्र में ही हो गई थी बावजूद इसके उन्होंने तब ब्रेक नहीं लिया था, लेकिन बेबी हो जाने के बाद वो लगातार काम करके थक गई थीं.
क्योंकि...2 करने को बेकरार थीं ऋतु
ऋतु ने हाल ही में इंडिया नॉउ एंड हाउ से बातचीत में अपने वर्कलोड, कमबैक और ब्रेक का जिक्र किया. ऋतु ने बताया कि वो क्योंकि सास भी कभी बहू थी के सेकेंड सीजन के लिए भी बहुत एक्साइटेड थीं, लेकिन उन्हें कॉल नहीं आ रहा था. इस वजह से वो निराश हो गई थीं.
ऋतु बोलीं- 2025 के अप्रैल से मैं ये बात सुन रही थी कि शो वापस आने वाला है. मुझे फोन ही नहीं आ रहा था. फिर मुझे लगा कि यार क्योंकि... बन रहा है ये लोग मुझे कैसे नहीं फोन कर रहे हैं. फिर मैं स्पेन चली गई. मस्त मैं पानी के बीच बैठी हूं और मेरा फोन बजता है. तो वो फोन कॉल बालाजी से था, फोन रखते ही मैं जोर से चिल्लाई, वहां बैठे सैंकड़ो लोग मेरा मुंह देख रहे थे कि ये क्या हो गया है.
जब लगातार काम करने के बाद टूटीं ऋतु
इसी के साथ ऋतु ने अपने ब्रेक पर बात की और बताया कि कैसे उन्होंने बेबी होने के बाद धीरे-धीरे खुद को टेलीविजन से कट-ऑफ किया था.
वो बोलीं- मैं जब 23 साल की थी तभी मेरी शादी हो गई थी. मेरा बेबी भी हो गया था. लेकिन मैं उस वक्त इतना काम कर रही थी कि वो ठहराव कभी आ नहीं पाया लाइफ में. तब भी मुझे काम के लिए बहुत कॉल्स आते थे. लोग कहते थे कि कोई बात नहीं आप अपने बेबी को लेकर आइये. कोई दिक्कत नही होगी. लेकिन मुझे वो एक्सपोजर नहीं चाहिए था. मैं नहीं चाहती थी कि मेरा बच्चा सारा दिन मेकअप रूम में रहे. तो मैं मना कर दिया करती थी. इसके बाद लोगों ने खुद ही समझ लिया कि ये काम नहीं करेगी.
ऋतु क्योंकि... के अलावा नजर, इमली, बाजी इश्क की जैसे कई सीरियल्स का हिस्सा रह चुकी हैं.