सिंगिंग रियलिटी शो 'इंडियन आइडल' नए अंदाज में लौट रहा है. लेजेंड्स और पुराने कंटेस्टेंट्स की वापसी हो रही है. शो में नॉस्टैलजिया का तड़का लगाया गया है. पुराने सीजन्स के हिट सिंगर्स की री-एंट्री हुई है. अभिजीत सावंत, अमित सना, प्राजक्ता शुक्रे, ऋषि सिंह, सलमान अली जैसे सिंगर्स का फिर से दम देखने को मिलेगा. कुछ सिंगर्स लेजेंड्स की कैटिगरी में आते हैं. वहीं कुछ ऐसे पुराने कंटेस्टेंट्स को लिया गया है जो अपने सीजन में टीआरपी बूस्टर रहे थे. लेकिन....एक सुपर डुपर हिट जोड़ी को लगता है मेकर्स लेना भूल गए.
फैंस को खली इनकी कमी
इस रीयूनियन में एक ऐसी जोड़ी की कमी खल रही है, जिसे दर्शकों ने खूब प्यार दिया था. यहां बात हो रही है पवनदीप राजन और अरुणिता कांजीलाल की. सीजन 12 में दोनों के ऐसे सुर मिले कि पूरा इंडिया उनका दीवान हो गया था. दोनों जब भी डुएट गाते, फैंस पागल हो जाते हैं. सीजन 12 में पवनदीप और अरुणिता की पॉपुलैरिटी अलग ही लेवल पर पहुंच गई थी. पवनदीप ने अपनी दमदार आवाज और म्यूजिकल टैलेंट के दम पर शो की ट्रॉफी जीती.
वहीं अरुणिता कांजीलाल रनर-अप रही थीं. इंटरनेट पर उनकी क्यूट केमिस्ट्री और दमदार सिंगिंग के चर्च रहते थे. बात इतनी आगे बढ़ी कि दोनों का नाम जुड़ने लगा. कहा गया उनका अफेयर चल रहा है. फैंस ने तो उनकी फेक शादी भी करा डाली थी. हालांकि पवनदीप-अरुणिता ने साफ किया कि उनके बीच बस दोस्ती है, उससे ज्यादा कुछ नहीं.
जिस ऑनस्क्रीन जोड़ी का इतना बज रहा हो, उसे कैसे मेकर्स ने इंडियन आइडल लेजेंड्स में मिस कर दिया, ये बात फैंस की समझ से परे है. दोनों में कोई भी शो का हिस्सा नहीं है. अब इसकी क्या वजह रही होगी, उसे वो ही बता सकते हैं. यूजर्स का मानना है उनके शो ना करने की कई वजहें हो सकती हैं. जैसे किसी प्रोजेक्ट में बिजी होना, शो को देने के लिए पर्याप्त समय ना होना, या फिर कॉम्पिटिशन में दोबारा से खुद को ना देखने की चाहत. वैसे पवनदीप सीजन 12 के बाद भी कई दफा सिंगिंग शो में बतौर गेस्ट नजर आ चुके हैं. दोनों के लिए हमेशा से ही इंडियन आइडल का मंच खास रहा है.
अब कहां हैं पवनदीप और अरुणिता?
इंडियन आइडल के बाद पवनदीप और अरुणिता ने अपने-अपने म्यूजिक करियर पर फोकस किया. उन्होंने साथ में भी कई कॉन्सर्ट और म्यूजिक वीडियो किए हैं. पवनदीप ने लाइव शोज, म्यूजिकल परफॉर्मेंस और दूसरे प्रोजेक्ट्स के जरिए म्यूजिक वर्ल्ड में खुद को रेलेवेंट बनाए रखा. वहीं, अरुणिता भी सिंगिंग और स्टेज परफॉर्मेंस के जरिए दर्शकों के बीच बनी रहीं. वो बंगाली गाने भी गाती हैं.
दोनों की लोकप्रियता सिर्फ इंडियन आइडल तक सीमित नहीं है. वो अपनी अलग पहचान बनाने में कामयाब रहे. अगर दोनों फिर से शो का हिस्सा बनते तो इसकी टीआरपी में चार चांद लगने निश्चित थे. खैर, अभी के लिए फैंस को उन्हें अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर देखकर ही खुश होना होगा.