टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऐतिहासिक जीत के बाद क्रिकेटर ईशान किशन की लव लाइफ सुर्खियों में बनी हुई है. ईशान जीत के बाद गर्लफ्रेंड अदिति हुंडिया संग मैदान पर रोमांटिक होते दिखे थे. दोनों KISS करते हुए भी नजर आए. कपल के रोमांटिक मोमेंट्स ने फैंस का खूब ध्यान खींचा. इन सबके बीच अब ईशान किशन के दादा ने उनकी शादी को लेकर बड़ा ऐलान कर दिया है.
दूल्हा बनेंगे ईशान?
ईशान के दादा ने टीम इंडिया को जीत की बधाई दी. उन्होंने मीडिया संग बातचीत में अपने पोते की शादी को लेकर भी बड़ा खुलासा किया. ईशान किशन के बारे में बात करते हुए उनके दादा बोले- मैंने एक दफा अपने पोते से कहा था कि मैं उनकी शादी तक जिंदा रहना चाहता हूं. इसपर ईशान ने मुस्कुराकर कहा था कि मेरी शादी तो अगले साल तक हो जाएगी. लेकिन आपको मेरे बच्चे का जन्म होने तक रहना होगा. तभी तो आप उसे अपनी गोद में खिलाएंगे.
ईशान के दादा ने कहा कि अपने पोते को देश के लिए खेलता देख उन्हें बहुत गर्व महसूस होता है. न्यूजीलैंड को हराकर जीत हासिल करने पर उन्होंने अपनी खुशी जाहिर की. ईशान के दादा बोले- मैं अपने पोते और पूरी भारतीय क्रिकेट टीम को जीत की बधाई देता हूं. मैं पूरे मैच के दौरान टीवी से चिपका रहा. जब न्यूजीलैंड का आखिरी विकेट गिरा और भारत ने जीत हासिल की तो मुझे बहुत खुशी हुई.
कब होगी ईशान की शादी?
ईशान और अदिति की शादी के बारे में पूछे जाने पर क्रिकेटर के दादा ने कहा- अभी शादी की तारीख तय नहीं हुई है. वो दोनों जब भी शादी करना चाहे तभी कर सकते हैं. ईशान ने मुझे कॉल किया था. मैंने उन्हें अपना आशीर्वाद और ढेर सारा प्यार दिया.
दादा ने दी रिश्ते को मंजूरी
समाचार एजेंसी संग बातचीत में ईशान किशन के दादा ने आगे कहा कि उन्होंने मैच जीतने के बाद की सेरेमनी भी देखी, जिसमें उन्होंने ईशान को उनकी गर्लफ्रेंड अदिति हुंडिया संग देखा. इस बारे में बात करते हुए क्रिकेटर के दादा बोले- मैच के बाद मैंने अदिति को ईशान के साथ देखा. वो अक्सर ईशान के मैच देखने जाती हैं. ईशान जिससे भी शादी करना चाहेंगे. हम उन्हें स्वीकार करेंगे. शादी के बारे में ईशान किशन जानें, उसके माता-पिता जानें. हमने भी फोटो में उन्हें देखा.
दादा आगे बोले- अरेंज मैरिज तो हमलोग नहीं करा पाएंगे उनकी, कहां खोजेंगे उनके लिए लड़की. खुद खोजें..खुद करें.
कौन हैं ईशान किशन की होने वाली दुल्हन?
ईशान किशन की गर्लफ्रेंड अदिति हुंडिया की बात करें तो वो जयपुर की रहने वाली हैं. वो एक फेमस मॉडल हैं. अदिति 2018 में मिस डीवा का खिताब जीती थीं. वो फेमिना मिस इंडिया की फाइनलिस्ट रही हैं. कई ब्यूटी पेजेंट्स में भी हिस्सा ले चुकी हैं. अदिति लंबे समय से ईशान संग रिश्ते में हैं. उनकी डेटिंग लाइफ 2019 IPL के दौरान चर्चा में आई थी. अदिति को मिस्ट्री फैन गर्ल के रूप में स्टैंड्स में स्पॉट किया गया था. अब फैंस को बेसब्री से ईशान और अदिति की शादी का इंतजार है.