बिग बॉस के घर में कौन किसकी पीठ पीछे बुराई कर रहा है, किसकी किससे दुश्मनी है और कौन किसके साथ मिलकर खेल बदलने की तैयारी कर रहा है. यह सब देखने में काफी दिलचस्प लगता है लेकिन इस पूरे खेल का सेंटर प्वॉइन्ट है आंख, जिसकी जड़ें 1949 में पब्लिश एक किताब से जुड़ी हैं. लेकिन इससे भी ज्यादा रोचक है कि एक बेहद चर्चित किताब का कॉन्सेप्ट एंटरटेनमेंट की दुनिया तक कैसे पहुंचा और बिग बॉस के Logo की आंख के पीछे की कहानी इससे कैसे जुड़ी है?
इस कहानी की शुरुआत ब्रिटिश लेखक जॉर्ज ऑरवेल के उपन्यास 1984 से होती है. 1949 में पब्लिश यह उपन्यास एक काल्पनिक तानाशाही व्यवस्था की तस्वीर पेश करता है, जहां सरकार नागरिकों की जिंदगी पर लगातार नजर रखती है. उपन्यास की दुनिया ओशिनिया में सत्ताधारी पार्टी का सबसे बड़ा प्रतीक है बिग ब्रदर. शहर की दीवारों पर उसके पोस्टर लगे हैं और उन पर लिखा है Big Brother is watching you यानी बिग ब्रदर तुम्हें देख रहा है.
यह वाक्य महज एक चेतावनी नहीं बल्कि सत्ता की ताकत और उसके सामने व्यक्ति की बेबसी का प्रतीक है. इस दुनिया में लोगों को कभी यकीन नहीं होता कि उन पर कब निगरानी रखी जा रही है. घरों में लगे टेलीस्क्रीन के जरिए उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सकती है. नतीजा यह होता है कि लोग सिर्फ निगरानी के दौरान ही नहीं, बल्कि हर वक्त इस आशंका में जीते हैं कि कोई उन्हें देख रहा है.
उपन्यास का मुख्य किरदार विंस्टन स्मिथ इसी सिस्टम के बीच रह रहा है. वह ऐसी दुनिया का हिस्सा है, जहां सत्ता के खिलाफ सोचना भी अपराध बन सकता है. यहां निगरानी का मकसद सिर्फ लोगों की गतिविधियों पर नजर रखना नहीं, बल्कि उनके विचारों और व्यवहार को नियंत्रित करना भी है.

ऑरवेल ने इस काल्पनिक दुनिया के जरिए सत्ता, प्रचार और व्यक्तिगत स्वतंत्रता पर नियंत्रण के खतरों को सामने रखा था. बिग ब्रदर इसी व्यवस्था का चेहरा बन गया. वक्त के साथ यह नाम साहित्य से निकलकर आम बोलचाल में भी निगरानी करने वाली ताकत के प्रतीक के रूप में इस्तेमाल होने लगा. यही वह विचार था, जिसने आगे चलकर रियलिटी टेलीविजन के एक बड़े प्रयोग को नाम दिया.
साल 1999 में नीदरलैंड्स के एक प्रोड्यूसर जॉन डी मोल की कंपनी एंडेमोल ने इसी नाम से एक रियलिटी शो शुरू किया. इसका कॉन्सेप्ट था कि कुछ लोगों को एक घर में साथ रखा जाए, जहां कैमरे उनकी गतिविधियों को रिकॉर्ड करें और दर्शक उनकी जिंदगी को करीब से देख सकें. घर में रहने वाले लोगों के बीच दोस्ती, दुश्मनी, प्यार, झगड़े और स्ट्रैटेजी इस शो का हिस्सा बनीं.
नीदरलैंड्स में सफलता के बाद शो का ब्रिटिश वर्जन जुलाई 2000 में चैनल 4 पर शुरू हुआ. इस तरह ऑरवेल के उपन्यास में निगरानी का जो विचार एक दमनकारी सत्ता का प्रतीक था, वह टेलीविजन पर मनोरंजन के नए फॉर्मेट में बदल गया. दोनों के बीच बुनियादी फर्क था.
'आंख' की क्या है कहानी?
वहीं, बिग ब्रदर की आंख के डिजाइन की अपनी एक अलग कहानी भी है. ब्रिटेन में शो के पहले सीजन के दौरान भी आंख का Logo इस्तेमाल हुआ था. लेकिन दूसरे सीजन के लिए तैयार किया गया लोगो उसकी स्थायी पहचान बन गया. 2001 में चैनल 4 ने डिजाइनर डेनियल ईटॉक को शो की नई विजुअल पहचान तैयार करने की जिम्मेदारी दी. ईटॉक की सोच शुरुआत में कुछ अलग थी. उनका मानना था कि शो को पारंपरिक लोगो की जरूरत नहीं है.
हालांकि, एंडेमोल के वरिष्ठ अधिकारी पीटर बाजलगेट चाहते थे कि बिग ब्रदर के पास ऐसी पहचान हो, जिसे दर्शक एक नजर में पहचान सकें. ईटॉक ने इस विचार को अपने डिजाइन में शामिल किया और काली-सफेद रेखाओं के बीच आंख को उभारा. इससे ऐसा Logo बना, जो देखने के साथ-साथ घूरने का एहसास भी देता था.
इस Logo की सबसे दिलचस्प बात इसके असली स्ट्रक्चर से जुड़ा हुआ है. डेनियल ईटॉक ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्हें आंख के स्ट्रक्चर का आइडिया अपनी गर्लफ्रेंड की एक तस्वीर से आया था. उन्होंने एक दिन उसे दांत साफ करते हुए चुपके से कैमरे में कैद किया था. अचानक तस्वीर खींचे जाने से वह चौंक गई थी और उसकी आंखें पूरी खुली हुई थीं. ईटॉक को इसी तस्वीर के जरिए शो के Logo के कॉन्सेप्ट को मजबूती मिली.
आगे चलकर बिग ब्रदर के हर सीजन में आंख को नए रंग, आकार और बनावट के साथ पेश किया गया. कभी उसे ज्यादा डरावना और आक्रामक रूप दिया गया, तो कभी रहस्य और अनिश्चितता का एहसास पैदा किया गया. इसके बावजूद आंख की मूल पहचान बरकरार रही.
भारत में बिग बॉस इसी अंतरराष्ट्रीय रियलिटी शो फ्रेंचाइजी का हिंदी वर्जन है. इसका पहला सीजन 2006 में टेलीकास्ट हुआ. यहां भी कंटेस्टेंट्स को एक घर में रखा जाता है, जहां कैमरे उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड करते हैं और दर्शक उनके आपसी रिश्तों, झगड़ों और स्ट्रैटेजी को देखते हैं.