scorecardresearch
 

'बाहुबली 3' की शुरू हुई तैयारी? प्रभास ने दिया बड़ा हिंट, राणा दग्गुबाती बोले 'अभी बहुत कुछ बाकी...'

एसएस राजामौली की कल्ट फ्रेंचाइजी 'बाहुबली' को लेकर एक ऐसा हिंट सामने आया है जिसने फैंस की धड़कनें बढ़ा दी हैं. नई डॉक्यूमेंट्री 'बाहुबली: द टॉर्चबेयरर' में प्रभास, राणा दग्गुबाती और अनुष्का शेट्टी ने फिल्म की मेकिंग के कई अनसुने किस्से शेयर किए. इस दौरान प्रभास ने कैमरे की तरफ तीन उंगलियां दिखाकर 'बाहुबली 3' की तरफ बड़ा इशारा किया.

Advertisement
X
'बाहुबली 3' पर प्रभास, राणा दग्गुबाती ने दिया बड़ा हिंट! (Photo: ITGD)
'बाहुबली 3' पर प्रभास, राणा दग्गुबाती ने दिया बड़ा हिंट! (Photo: ITGD)

एसएस राजामौली की दोनों बाहुबली फिल्मों ने स्टोरीटेलिंग, फिल्ममेकिंग के स्केल और बॉक्स ऑफिस के साइज तक, हर तरह से इंडियन सिनेमा का लेवल ऊंचा कर दिया था. 2015 में आई बाहुबली ने ऐसा माहौल बना दिया था कि दो साल बाद, 2017 में आई बाहुबली 2 ने धमाका ही कर दिया. एक दशक पहले आई बाहुबली 2 के नाम ऐसे-ऐसे बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड हैं कि आज भी धुरंधर 2 जैसी ताबड़तोड़ ब्लॉकबस्टर फिल्में वहां तक नहीं पहुंच पा रही हैं.

राजामौली की इस फिल्म की विरासत ऐसी है कि फैंस में हमेशा बाहुबली 3 को लेकर जिज्ञासा रही है. लोगों ने लगभग हर बार राजामौली और बाहुबली के एक्टर्स से यह सवाल किया है कि क्या बाहुबली 3 भी आएगी? अब प्रभास ने फैंस को ऐसा हिंट दिया है, जिसे बाहुबली 3 के लिए पॉजिटिव साइन माना जा रहा है.

प्रभास ने दिया बाहुबली 3 का हिंट

हाल ही में नेटफ्लिक्स पर 'बाहुबली: द टॉर्चबेयरर' डॉक्यूमेंट्री रिलीज हुई है. बाहुबली जैसी एपिक फिल्म के बनने के पीछे कितनी मेहनत लगी और क्या-क्या हुआ, उस मेकिंग जर्नी की कहानी इस डॉक्यूमेंट्री में है. डॉक्यूमेंट्री में प्रभास, राणा दग्गुबाती, अनुष्का शेट्टी समेत फिल्म की पूरी टीम ने बाहुबली के प्रोडक्शन से जुड़े कई अनसुने किस्से शेयर किए. लेकिन इस बातचीत के दौरान राणा दग्गुबाती का बयान सबसे ज्यादा चर्चा में आ गया. उन्होंने बाहुबली 3 को लेकर एक बड़ा हिंट दिया, जिसमें प्रभास ने भी उनका साथ दिया.

Advertisement

राणा दग्गुबाती ने मजाकिया अंदाज में कहा, 'मुझे नहीं पता कि मुझे यह पब्लिकली कहना चाहिए या नहीं. लेकिन चूंकि राजामौली और शोबू (प्रोड्यूसर) यहां नहीं हैं, इसलिए मैं अपने मन की बात कह देता हूं. शायद दुनिया अभी इसके लिए तैयार न हो, लेकिन बाहुबली में अभी बहुत कुछ आने वाला है.' राणा की यह बात सुनकर प्रभास और अनुष्का शेट्टी हंसने लगे.

इसके तुरंत बाद प्रभास ने कैमरे की तरफ देखते हुए तीन उंगलियां दिखाईं. कई लोगों ने इसे बाहुबली 3 का हिंट मानना शुरू कर दिया है. इतना ही नहीं, डॉक्यूमेंट्री के आखिर में प्रभास कहते नजर आते हैं, 'एंड द लेगेसी कंटीन्यूज.' यानी अब यह विरासत आगे बढ़ेगी. इन दोनों बातों ने फैंस के बीच यह चर्चा तेज कर दी है कि क्या राजामौली सचमुच बाहुबली 3 की तैयारी कर रहे हैं. हालांकि अभी तक मेकर्स ने ऐसी कोई ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं की है.

बढ़ने लगा है बाहुबली यूनिवर्स

2025 में मेकर्स ने बाहुबली यूनिवर्स को आगे बढ़ाते हुए एनिमेटेड सीरीज 'बाहुबली: क्राउन ऑफ ब्लड' भी रिलीज की थी. पिछले साल राजामौली ने इसी यूनिवर्स से एक शानदार एनिमे प्रोजेक्ट 'बाहुबली: द एटर्नल वॉर- पार्ट 1' का टीजर शेयर किया था, जिसकी एनिमेशन क्वालिटी देखकर लोगों का मुंह खुला रह गया था. 2027 में आने वाली इस फिल्म को लेकर माहौल इतना पॉजिटिव बन चुका है कि यह थिएटर्स में आने से पहले ही हिट मानी जा रही है.

Advertisement

पिछले साल राजामौली ने खुद कहा था कि वह बाहुबली फ्रेंचाइजी को कई नए मीडियम और रूपों में आगे बढ़ाना चाहते हैं. उन्होंने कहा था, 'पश्चिमी देशों में जब कोई ब्रांड बनता है, तो उसे मल्टीमीडिया फ्रेंचाइजी में बदला जाता है. हमने भी बाहुबली के लिए गेम्स, VR फिल्म और एक सीरीज बनाने की कोशिश की, लेकिन चीजें हमारी उम्मीद के मुताबिक नहीं हुईं.'

इसके बाद राजामौली बोले, 'बाहुबली सिर्फ एनिमेटेड सीरीज तक सीमित नहीं रहने वाली है. यह कई दूसरे माध्यमों और रूपों में आगे बढ़ेगी. फिलहाल इस बारे में विस्तार से बात करने का यह सही मंच नहीं है.'

राजामौली के इस पुराने बयान और अब डॉक्यूमेंट्री में राणा और प्रभास के हिंट ने बाहुबली 3 को लेकर फैंस की उम्मीदें एक बार फिर जगा दी हैं. हालांकि इसके लिए बहुत एक्साइटमेंट बढ़ाने से पहले मेकर्स के ऑफिशियल अनाउंसमेंट का इंतजार करना चाहिए.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement