रजनीकांत की मच अवेटेड फिल्म जेलर 2 सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है. ये साल 2023 में आई डायरेक्टर नेल्सन दिलीपकुमार की सुपरहिट फिल्म का सीक्वल है. इसका क्रेज लोगों के बीच काफी ज्यादा देखा गया है क्योंकि फिल्म में बॉलीवुड सुपरस्टार ऋतिक रोशन का कैमियो है. कुछ दिन पहले जब ट्रेलर आया था तब उसने ही काफी इंप्रेस कर दिया था. अब फिल्म रिलीज हो गई है और इसे देख लिया गया है. कैसी है रजनीकांत की नई फिल्म? आइए बात करते हैं.
इस बार कौन-से खतरे में जेलर?
मुथुवेल पांड्यायन (रजनीकांत) वर्मन को मारने के बाद तमिल नाडु के एक अनजान गांव में अपने परिवार के साथ रह रहा है. इस बीच बेटे की मौत से वो अभी भी उबर रहा है. हालांकि मुथुवेल की जिंदगी में अभी भी शांति नहीं है क्योंकि वर्मन का साथी दिलीप और कल्पक फैमिली उसे ढूंढ रहे हैं. ये एक पूरा सिंडिकेट है जो विदेश में मूर्ति सप्लाई करती है.
मुथुवेल और उसके साथी इस सिंडिकेट से भिड़ने की तैयारी में हैं लेकिन इस बीच उनका सामना एक बार फिर अपने अतीत से होना है. अब जेलर मुथुवेल अपनी फैमिली को बचाने के साथ-साथ क्या इस पूरे सिंडिकेट को भी खत्म कर पाएगा? यही रजनीकांत की जेलर 2 का बेसिक प्लॉट है.
रजनीकांत के कंधों पर टिकी जेलर 2
तीन साल पहले डायरेक्टर नेल्सन दिलीपकुमार ने जिस तरह से रजनीकांत को पर्दे पर फिल्म जेलर से दिखाया था, वो काफी मजेदार था. जिस उम्र में अब तमिल सुपरस्टार हैं, उनसे ओवर द टॉप एक्शन कराना आसान काम नहीं. इसलिए नेल्सन ने उनके ' के इर्द गिर्द ही पूरी फिल्म सेट की और रजनीकांत ने भी निराश नहीं किया. ये काम सीक्वल में भी कायम रहा.
जेलर 2 में रजनीकांत ने जो 'औरा फार्मिंग' की है, वो सचमुच जबरदस्त है. हर सीन में आपको ऐसा लगता है कि अब उनका किरदार मुथुवेल पांड्यानं क्या करेगा. शुरू से लेकर अंत तक सिर्फ वो ही स्क्रीन पर छाए रहे. रजनीकांत के औरा को एक लेवल ऊपर ले जाने का काम अनिरुद्ध के म्यूजिक ने किया.
कैसा है नेल्सन दिलीपकुमार का डायरेक्शन?
डायरेक्टर नेल्सन ने इस फिल्म में काफी अच्छा सस्पेंस और ड्रामा भरा है, जो देखने में मजेदार भी है. पिक्चर में बेहद कम ही ऐसे मौके होंगे जहां आप बोर फील करने लगें. फर्स्ट हाफ तो पूरा कॉमेडी और स्टोरी के मेन विलेन को सेटअप में लग जाता है. सेकंड हाफ में असली धमाके की शुरुआत होती है.
फिल्म में सीट से बांधे रखने वाला मजा है. कैमियो भी एकदम धांसू हैं, खासतौर पर ऋतिक रोशन. उनकी 10 मिनट की स्क्रीनप्रेसेंस आपके दिल को छू जाती है.
जब जब आप सोचते हैं कि नेल्सन आपके सामने और क्या पेश कर सकते हैं, तभी वो आपको सिनेमा का ऐसा हिस्सा दिखा देते हैं, जिसे देखने के लिए आप टिकट खरीदते हैं. यानी कहा जाए तो जेलर 2 फुल मास-मसाला फिल्म है जो आपको निराश नहीं करेगी. रजनीकांत के फैन हैं, तो ये खास आपके लिए ही बनी है.
देखें ट्रेलर...
कैसी रही सभी की एक्टिंग?
रजनीकांत ने तो जो इस फिल्म से अपनी रेंज दिखाई है वह सचमुच देखकर अच्छा लगता है. 75 की उम्र में भी वो बड़े बड़े सुपरस्टार को खा जा रहे हैं. अगर फ्रेम में ऋतिक, जैकी श्रॉफ, मोहनलाल और शिवराजकुमार भी हों, तब भी आपकी नजरें उनपर रहती हैं.
वहीं सपोर्टिंग आर्टिस्ट में योगी बाबू, राम्या कृष्णन का काम शानदार रहा. योगी बाबू और नमो नारायण के सीन्स तो आपको हंसा हंसाकर लोटपोट करने वाले हैं.
इनके अलावा मिथुन चक्रवर्ती, विद्या बालन, एस जे सूर्या, जतिन सरना ने भी कल्पक फैमिली के रूप में अच्छा खौफ पैदा किया. मिथुन चक्रवर्ती को एक नए रोल में देखकर मजा आया. हालांकि विद्या बालन का किरदार थोड़ा और अच्छा हो सकता था.
अगर इस वीकेंड आपका एक अच्छी एंटरटेनिंग फिल्म देखने का मन कर रहा है तो रजनीकांत की जेलर 2 जरूर देखिए.