शाहिद कपूर स्टारर ओ रोमियो ने दर्शकों को खूब लुभाया. विशाल भारद्वाज के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म की कहानी गैंगस्टर हुसैन उस्तारा की जिंदगी से इंस्पायर्ड है. लेकिन फिल्म में एक कैरेक्टर ऐसा रहा जिसने अलग पहचान बनाई. वो था- इंस्पेक्टर जयंत पठारे का. इस 'करप्ट' किरदार को राहुल देशपांडे ने बेहद ही अलहदा तरीके से निभाया. मजेदार बात ये कि 'ओ रोमियो' उनकी बॉलीवुड डेब्यू फिल्म है. लेकिन राहुल कोई नया नाम नहीं हैं, पहली फिल्म होने के बावजूद वो अपनी एक अलग पहचान रखते हैं, और नेशनल अवॉर्ड विनर भी हैं.
आइये आपको उनके बारे में बताते हैं.
10 अक्टूबर 1979 को जन्में राहुल देशपांडे खासतौर से भारतीय शास्त्रीय संगीत सिंगर हैं. वो कई मराठी फिल्मों में भी काम कर चुके हैं. राहुल संगीत घराने से ताल्लुक रखते हैं. वो फेमस गायक वसंतराव देशपांडे के पोते हैं. राहुल को फिल्म 'मी वसंतराव' (2021) के लिए बेस्ट प्लेबैक सिंगर का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिल चुका है. वो 'कट्यार कलजात घुसाली' (2015) और 'अमलताश' (2024) जैसी फिल्मों में अपनी बेहतरीन एक्टिंग और सिंगिंग के लिए जाने जाते हैं.
राहुल हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की परंपरा से गहराई से जुड़े हुए हैं. उन्होंने पंडित गंगाधरबुवा पिंपलखरे, डॉ. मधुसूदन पटवर्धन, श्रीमती उषाताई चिपलकट्टी, पंडित मुकुल शिवपुत्र जैसे महान गुरुओं से प्रशिक्षण लिया है. इसके अलावा उन्होंने पंडित सुरेश सामंत से तबला भी सीखा है.
कैसे मिली 'ओ रोमियो'
राहुल ने हाल ही में इसका जिक्र किया. वो बताते हैं कि उनके संगीत की जानकारी की वजह से उन्हें ये फिल्म ऑफर हुई. टाइम्स नाउ से वो बोले- विशाल सर ने तय किया कि मेरा किरदार थोड़ा अलग और मजेदार अंदाज वाला होगा. पाठारे का रोल कई एक्टर कर सकते थे, लेकिन मेरी म्यूजिक बैकग्राउंड की वजह से उन्होंने मुझे चुना.
राहुल ने आगे बताया कि उन्होंने मुंबई लोकल ट्रेन में नाना पाटेकर और शाहिद कपूर के साथ एक अहम सीन शूट किया था. उन्होंने कहा कि उन्होंने इससे पहले कभी बंदूक नहीं पकड़ी थी, लेकिन एक्शन डायरेक्टर ने शूट से पहले उन्हें अच्छी तरह ट्रेनिंग दी.
उन्होंने कहा- मेरे साथ नाना पाटेकर और शाहिद कपूर थे, लेकिन मेरे ज्यादातर सीन नाना सर के साथ थे. उन्होंने सेट पर मुझे सहज महसूस कराया और पूरी शूटिंग के दौरान मेरा साथ दिया. नाना सर ने मुझसे कहा कि मैं उनके रिएक्शन पर ध्यान दूं और उसी के हिसाब से जवाब दूं, बाकी वो संभाल लेंगे. सच कहूं तो उन्होंने इस सीन का असर बढ़ाने के लिए कुछ गानों के सुझाव भी दिए, जो विशाल सर को बहुत पसंद आए.
राहुल की टूट चुकी है शादी
राहुल ने 2025 में एक इंस्टा पोस्ट के जरिए अपने तलाक की अनाउंसमेंट कर सबको चौंका दिया था. राहुल ने बताया था कि 17 साल साथ रहने के बाद वो अपनी पत्नी नेहा से अलग हो रहे हैं. खबरों के मुताबिक, उनका कानूनी अलगाव सितंबर 2024 में ही पूरा हो गया था, लेकिन इसकी जानकारी सार्वजनिक तौर पर सितंबर 2025 में एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए दी गई.
उन्होंने बताया कि ये फैसला आपसी सहमति से लिया गया था और इसे जानबूझकर निजी रखा गया, ताकि इस बदलाव को भावनात्मक रूप से संभालने के लिए दोनों को समय मिल सके. राहुल ने अपनी बेटी रेणुका की अहमियत पर जोर देते हुए कहा कि उसे प्यार और सहयोग के साथ मिलकर पालना ही उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है.