बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार यानी अक्षय कुमार इन दिनों अपनी मोस्ट अवेटेड कॉमेडी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं. हाल ही में इस फिल्म का भोजपुरी गाना 'घिस-घिस' रिलीज हुआ था, जिसने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं. अब मेकर्स ने फिल्म का दूसरा गाना भी रिलीज कर दिया है, जिसके बोल हैं 'ऊंचा लंबा कद'.
यह गाना साल 2007 में आई सुपरहिट फिल्म 'वेलकम' के आइकॉनिक गाने का नया और रीक्रिएटेड वर्जन है. इस नए वीडियो में अक्षय कुमार के साथ ग्लैमरस अंदाज में दिशा पाटनी नजर आ रही हैं. हालांकि, गाने का सबसे ध्यान खींचने वाला सीन इसका एंडिंग है, जहां अक्षय कुमार कैमरे के सामने दिल से कहते नजर आते हैं- 'We Miss You Katrina' (हम तुम्हें मिस कर रहे हैं कटरीना).
अक्षय कुमार ने शेयर किया मजेदार पोस्ट
इस गाने को अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर करते हुए अक्षय कुमार ने फैंस के लिए एक खास नोट भी लिखा. अक्षय ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, 'आपने इसे एक बार सुना और आप अब भी इसके दीवाने हैं... अब हम वही वाइब जंगल में लेकर आ रहे हैं.'
कटरीना और अक्षय की पुरानी केमिस्ट्री
आपको याद दिला दें कि अक्षय कुमार और कटरीना कैफ की जोड़ी 2000 के दशक की सबसे ब्लॉकबस्टर जोड़ियों में से एक रही है. दोनों ने एक साथ कई फिल्मों में काम किया और फैंस को ढेर सारे सदाबहार गाने दिए. इनमें से सबसे खास साल 2007 में आई फिल्म 'वेलकम' का ओरिजिनल गाना 'ऊंचा लंबा कद' था. इतने साल बीत जाने के बाद भी यह गाना फैंस के दिलों में इसकी एक अलग जगह है. यही वजह है कि नए गाने में कटरीना का जिक्र आते ही फैंस पुराने दिनों को याद करने लगे.
नए वर्जन पर फैंस के मिले-जुले रिएक्शन
जैसे ही यह गाना इंटरनेट पर आया, फैंस ने इस पर अपने रिएक्शन देने शुरू कर दिए. कटरीना के एक चाहने वाले ने लिखा, 'दिशा से कोई नफरत नहीं है, लेकिन कटरीना की जगह कोई नहीं ले सकता.' वहीं एक दूसरे यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, 'फाइनली कटरीना को टक्कर देने आ गई है दिशा पाटनी.' वहीं एक यूजर ने लिखा, 'अरे कुछ नया भी बना लो, मतलब कुछ नया सोचने की शक्ति खत्म ही हो गई है इन बॉलीवुड वालों की.'
एक अन्य यूजर ने नाराजगी जताते हुए लिखा, 'पूरे सम्मान के साथ, इसमें कोई शक नहीं कि यह गाना 'वेलकम' के ओरिजिनल वर्जन से ही सबका पसंदीदा रहा है. इसकी शुरुआती धुन को भी अगर वैसे का वैसा ही रखा जाता, तो भी कोई दिक्कत नहीं थी. लेकिन पूरे गाने को ही एक तथाकथित 'नई पैकेजिंग' के साथ पेश करने की क्या जरूरत थी? हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में एक से बढ़कर एक बेहतरीन गीतकार मौजूद हैं, तो फिर कोई बिल्कुल नया गाना क्यों नहीं बनाया गया?' हालांकि, कुछ लोगों को यह बदलाव पसंद भी आया और एक यूजर ने लिखा, 'अब तक का बेस्ट रीक्रिएशन, लेकिन हम कटरीना को मिस कर रहे हैं.'
'वेलकम' फ्रेंचाइजी का तीसरा पार्ट
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 'वेलकम टू द जंगल' इस मशहूर कॉमेडी फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है. इस फिल्म का निर्देशन अहमद खान कर रहे हैं. इस फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म 'वेलकम' साल 2007 में आई थी जो ब्लॉकबस्टर रही, इसके बाद इसका दूसरा पार्ट 'वेलकम बैक' साल 2015 में रिलीज हुआ था.
कलाकारों की दिखाई दी फौज
बता दें कि वेलकम टू द जंगल में अक्षय कुमार के अलावा फिल्म में सुनील शेट्टी, परेश रावल, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, अरशद वारसी, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े, आफताब शिवदासानी, जैकी श्रॉफ, दलेर मेहंदी, रवीना टंडन, लारा दत्ता, जैकलीन फर्नांडीज, दिशा पटानी, उर्वशी रौतेला, फरीदा जलाल, कृष्णा अभिषेक, मुकेश तिवारी, यशपाल शर्मा, विंदू दारा सिंह, किरण कुमार, जाकिर हुसैन, दिवंगत पंकज धीर, पुनीत भी हैं. इस्सर, किकू शारदा, फिरोज़ खान, सुदेश बेरी और वृही कोडवारा भी दिखाई देंगे.
फिल्म में लगभग 30 कलाकारों के साथ, वेलकम टू द जंगल को साल के सबसे बड़े कॉमेडी एंटरटेनिंग में से एक के रूप में स्थापित किया जा रहा है. यह फिल्म 26 जून 2026 को रिलीज होगी.