साल 2018 एक ऐसा साल था जब ओटीटी प्लेटफॉर्म्स धीरे-धीरे ग्रो कर रहे थे. नेटफ्लिक्स, अमेजॉन प्राइम वीडियो, जियोहॉटस्टार- ऐसे ओटीटी चैनल्स लोगों के फोन तक पहुंच रहे थे. उस वक्त प्राइम पर एक सीरीज मिर्जापुर आई, जिसने सबको हैरान किया. पहला ही सीजन सुपरहिट हो गया. हर किरदार लोगों के बीच अपनी पहचान बना चुका था.
मिर्जापुर वेब सीरीज में गुड्डू पंडित और बबलू पंडित, इन दो किरदारों ने खूब रंगबाजी दिखाई. उनकी अंडरडॉग स्टोरी पहले सीजन हिट रही. मगर बबलू पंडित की मौत का सदमा भी सबको याद रह गया. शो की शुरुआत में इतने अहम किरदार का चले जाना, सबके लिए धक्का था. इस रोल को विक्रांत मैसी ने निभाया था.
विक्रांत मैसी ने हाल ही में FLO बैंगलुरू ऑफिशियल से बातचीत में अपने मिर्जापुर सीरीज के दिनों को एक बार फिर याद किया है. एक्टर ने बताया कि कैसे उनकी इस सीरीज को 85% मर्दों ने बनाया. साथ ही उन्होंने शो से बाहर हो जाने पर थोड़ा दुख भी जाहिर किया.
मिर्जापुर सीरीज पर बोले विक्रांत
विक्रांत ने कहा- काश उन्होंने मुझे शो में नहीं मारा होता. जब मुझे मिर्जापुर का ऑफर मिला, तब ये बस कुछ जोश से भरे लोगों का साथ आकर बनाया गया प्रोजेक्ट था. इसमें कई बेहतरीन महिलाएं भी शामिल थीं, लेकिन ज्यादातर यानी करीब 85% लोग आदमी थे, चाहे कैमरे के सामने हों या उसके पीछे. कुल मिलाकर, ये ऐसे लोगों की टीम थी जो एक साथ आए और बोले कि चलो, मिलकर ये शो बनाते हैं. असल में, ये बस कुछ लोगों का साथ आकर बाहर अपनी मर्दानगी, अपना मेल ईगो या यूं कहें कि मर्द प्रधान सोच दिखाने जैसा था.
विक्रांत मैसी ने आगे ये भी बताया कि उन्हें इस शो से मिली पॉपुलैरिटी के कारण शूटिंग में भी थोड़ी परेशानी उठानी पड़ी थी. जब ये शो आया था, तब वो लखनऊ में अपनी एक फिल्म राम प्रसाद की तेहरवी शूट कर रहे थे. उन्हें देखने के लिए सौ से ज्यादा लोगों की भीड़ जमा हो गई थी, वो सिर्फ बबलू पंडित नाम पुकार रहे थे और एक्टर की झलक पाना चाह रहे थे.
कैसा था 'बबलू पंडित' का स्टारडम?
एक्टर ने कहा-मुझे आज भी अच्छे से याद है कि मैं लखनऊ में था, जब मिर्जापुर शो रिलीज हुआ था. मैं तब एक फिल्म रामप्रसाद की तेहरवी की शूटिंग कर रहा था. हमारी सुबह 7 बजे से शाम के 7 बजे की शिफ्ट चल रही थी. मैं सेट पर करीब सुबह 6-6.30 बजे पहुंचा था और ठीक से तब सूरज निकला भी नहीं था. लेकिन जबतक शूटिंग खत्म होने लगी, मैंने सेट लोकेशन के बाहर कुछ भीड़-भाड़ की आवाजें सुनीं. जो फिल्म के डायरेक्टर और असिस्टेंट्स थे, उन्हें साउंड को कंट्रोल करने में तकलीफ हो रही थी क्योंकि हम लोग सिंक साउंड में शूट करते हैं.
'कुछ देर बाद हमें एहसास हुआ कि लोकेशन के बाहर करीब 200-300 लोग इकट्ठा हो गए थे, क्योंकि ऐसी खबर फैल गई थी कि मिर्जापुर वाले बबलू पंडित यहां शूटिंग करने आया है. ये सबकुछ सीरीज आने के 24 घंटे के अंदर-अंदर हुआ था. शो रात 12 बजे रिलीज हुआ था और मैं उसकी अगली शाम को शूटिंग कर रहा था, तो करीब 17-18 घंटे बीत चुके थे. लोग मेरी गाड़ी को बाइक पर बैठकर फॉलो कर रहे थे. वो मेरे साथ पिक्चर, सेल्फी और ऑटोग्राफ लेना चाह रहे थे. तब जाकर मुझे एहसास हुआ कि हमने एक अच्छा काम किया है, कुछ ऐसा बनाया है जिसे लोग देखना एंजॉय कर रहे हैं.'
विक्रांत मैसी की बात करें, तो वो जल्द राजकुमार हिरानी की बनाई हुई वेब सीरीज प्रीतम और पेड्रो में बतौर विलेन नजर आएंगे. ये शो 3 जुलाई को जियोहॉटस्टार पर आएगा, जिसमें अरशद वारसी और वीर हिरानी नजर आएंगे. वहीं मिर्जापुर शो भी आजकल चर्चा में है क्योंकि अब ये एक फिल्म के रूप में थिएटर में लगने वाली है. शो में बबलू पंडित की वापसी हो रही है, जिसे विक्रांत मैसी तो नहीं पंचायत वाले जितेंद्र कुमार प्ले करने वाले हैं. ये फिल्म 4 सितंबर को रिलीज होगी.