scorecardresearch
 

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस, सूरत से बरामद हुए हथियार, मुंबई क्राइम ब्रांच के हाथ लगा बड़ा सुराग

मुंबई क्राइम ब्रांच ने सूरत से दो पिस्तौलें बरामद की हैं. माना जा रहा है कि 18 अक्टूबर को जुहू में टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग की घटना में इन्हीं पिस्तौलों का इस्तेमाल किया गया था.

Advertisement
X
टाइगर श्रॉफ हमले के सूरत से जुड़े तार (Photo: Screengrab)
टाइगर श्रॉफ हमले के सूरत से जुड़े तार (Photo: Screengrab)

बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुए जानलेवा हमले के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच के हाथ बहुत बड़ी सफलता लगी है. पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल केस की जांच में तेजी लाते हुए गुजरात के सूरत से दो हथियार और 10 जिंदा कारतूस बरामद कर लिए है.

माना जा रहा है कि इन्हीं हथियारों का इस्तेमाल एक्टर की कार पर गोलियां बरसाने के लिए किया गया था. हालांकि अभी इस पर मुंबई क्राइम ब्रांच की मुहर लगना बाकी है.

कैसे पहुंचे सूरत तक जांच के तार?
शुक्रवार को मुंबई क्राइम ब्रांच की टीमों ने इस मामले के सिलसिले में एक गुप्त ठिकाने पर छापेमारी की थी. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों से पूछताछ और उनकी सप्लाई चेन को खंगालने के बाद कड़ियां जुड़ती चली गईं, जिससे पुलिस गुजरात के सूरत तक पहुंच गई.

सूरत से मिले इन हथियारों और कारतूसों को अब फोरेंसिक जांच और बैलिस्टिक टेस्टिंग के लिए भेज दिया गया है, ताकि यह पुख्ता किया जा सके कि घटनास्थल पर मिले खाली खोखे इन्हीं हथियारों से दागे गए थे या नहीं. पुलिस इस बात का भी पता लगाने में जुटी है कि इन हथियारों की तस्करी और सप्लाई के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल थे.

Advertisement

टाइगर श्रॉफ पर हुआ हमला
यह पूरी घटना 18 अक्टूबर की शाम की है, जब मुंबई के पॉश इलाके जुहू में टाइगर श्रॉफ की कार को निशाना बनाया गया था. कम से कम दो हमलावरों ने अचानक एक्टर की गाड़ी पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और फिर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए. गनीमत यह रही कि टाइगर श्रॉफ इस हमले में बाल-बाल बच गए, लेकिन इस खौफनाक वारदात में उनका ड्राइवर और एक राहगीर घायल हो गए थे.

पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने कार पर पांच से छह राउंड फायरिंग की थी. घटना के तुरंत बाद पुलिस हरकत में आई और हमलावरों द्वारा इस्तेमाल की गई एक लावारिस मोटरसाइकिल अंधेरी इलाके से बरामद कर ली गई थी.

अब तक 10 दबोचे गए
इस सनसनीखेज वारदात के बाद मुंबई पुलिस ने हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस की अलग-अलग टीमों ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अब तक राजस्थान, उत्तर प्रदेश और हरियाणा से कुल दस लोगों को धर दबोचा है.इस पूरे मामले में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब गैंगस्टर अनिल पंडित को वांछित आरोपी बनाया गया.

सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करके अनिल पंडित ने ही टाइगर श्रॉफ पर हुए इस हमले की खुली जिम्मेदारी ली थी. सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि पंडित कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का बेहद करीबी है और अमेरिका से बैठकर अपना आपराधिक नेटवर्क चला रहा है. फिलहाल, पुलिस इस पूरे सिंडिकेट की जड़ों तक पहुंचने के लिए आगे की जांच में जुटी हुई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement