काजोल की बहन तनीषा मुखर्जी ने सोशल मीडिया पर एक नई बहस छेड़ दी है. बीते दिन 10 अक्टूबर को दिल्ली समेत कई राज्यों में CJP का आंदोलन हुआ. कई लोगों को पुलिस ने डिटेन किया, सड़कों पर अशांति फैली रही, राजधानी के आधे से ज्यादा रास्ते बंद रहे. इस आंदोलन पर तनीषा का गुस्सा फूटता हुआ नजर आया है. उन्होंने इशारों-इशारों में CJP पर निशाना साधा है, और केंद्र सरकार का समर्थन किया है.
आंदोलन पर क्या बोलीं तनीषा?
X के जरिए तनीषा मुखर्जी ने भारत में चल रहे विरोध प्रदर्शनों और केंद्र सरकार की आलोचना के बीच कुछ लोगों पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि वो कुछ पढ़े-लिखे और खुद को 'एलीट' समझने वाले हिंदुओं की सोच देखकर हैरान हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों के मन में देश के लिए बिना सोचे-समझे नफरत भरी हुई है.
तनीषा ने लिखा- मैं ऐसे लोगों की सोच देखकर सच में हैरान हूं, जो खुद को पढ़ा-लिखा और एलीट मानते हैं, लेकिन उनके अंदर ब्रिटिश दौर की मानसिकता अब भी बनी हुई है. अगर आपको लंदन और अमेरिका इतना ही पसंद है, तो प्लीज वहां चले जाइए. हमें यहां ऐसे लोगों की जरूरत नहीं है, जो हमारे देश को नीचा दिखाने की कोशिश करते हैं.
'हां, हमारे देश में कई समस्याएं हैं, लेकिन बदलाव आने में वक्त लगता है. पिछले 10 सालों में हमने कहां से कहां तक का सफर तय किया है, ये भी देखिए. अगर हम अपनी सरकार का समर्थन करते हैं, तो हमें अंधभक्त और अनपढ़ कहा जाता है. लेकिन अगर हम उन गुटों का समर्थन करें, जो अमेरिका और जर्मनी से इस देश को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं, तो हमें कूल और जागरूक समझा जाता है.'
तनीषा के मुताबिक, ये लड़ाई लोगों की सोच, उनके ध्यान और उनके विचारों पर असर डालने की है. उन्होंने लोगों को मीडिया से प्रभावित होकर अपनी समझ खोने से बचने की सलाह दी. एक्ट्रेस ने कहा कि हर बात को तर्क और तथ्यों के आधार पर देखना चाहिए. कानून के हिसाब से चलने वाला समाज ही लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकता है. हालांकि, तनीषा ने अपने पोस्ट में किसी खास विरोध प्रदर्शन का जिक्र नहीं किया. उन्होंने बस इस बात पर जोर दिया कि लोगों को अपने देश का साथ देना चाहिए.