वेटेरन एक्टर सुधीर पांडे इन दिनों सुर्खियों में हैं. उन्हें हाल ही में फिल्म 'गिन्नी वेड्स सनी 2' के ट्रेलर लॉन्च इवेंट पर देखा गया था. इसी इवेंट से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. क्लिप में सुधीर को अचानक स्टेज से उतरकर जाते हुए देखा गया. इससे इंटरनेट पर चर्चा शुरू हुई कि मेकर्स और बाकी कास्ट को सीनियर एक्टर की कोई इज्जत नहीं है. फैंस ने अटकलें लगानी शुरू कर दीं कि शायद फिल्म की टीम ने उन्हें इग्नोर किया और उनका अपमान किया है.
सुधीर को किया गया इग्नोर?
अब सुधीर पांडे ने खुद इस पूरे विवाद पर रिएक्शन दे दिया है. एक हालिया इंटरव्यू में सभी अफवाहों पर विराम लगाते एक्टर ने बताया कि असल में उन्हें दूसरे प्रोजेक्ट की शूटिंग के लिए जाना पड़ा था. एचटी सिटी से बात करते हुए सुधीर पांडे ने अफवाहों को खारिज किया और कहा, 'ऐसा कुछ भी नहीं था कि मेरा अपमान हुआ हो. मैं टीम के साथ ट्रेलर लॉन्च करने गया था, मैं वहां रहना चाहता था. मैं सबके साथ स्टेज पर गया था और उससे पहले फ्रंट रो में बैठा हुआ था. जिसने ये वीडियो शूट किया, शायद उन्होंने ये नहीं देखा. जब अनाउंसमेंट हुआ, तो मैं सबके साथ ऊपर गया था.'
उन्होंने आगे कहा, 'समस्या ये थी कि मुझे बहुत जल्दी थी, क्योंकि मेरी दूसरी फिल्म की शूटिंग चल रही है. इसलिए मैं इस ट्रेलर लॉन्च में शूटिंग के बीच में आया था. मैंने 'गिन्नी...' के प्रोडक्शन हाउस को पहले ही बता दिया था कि मैं थोड़ी जल्दी में आऊंगा. आप मुझे जो स्टेज से निकलते देख रहे हैं, वो इसलिए है क्योंकि मुझे दूसरी शूटिंग पर जाना था और मुझे मैसेज आ रहे थे.'
सुधीर पांडे ने अपनी नई फिल्म को लेकर भी बात की. उन्होंने अपने रोल को लेकर खुलासा करते हुए बताया, 'गिन्नी वेड्स सनी 2 में मेरी बहुत अच्छी भूमिका है और ये एक अच्छी फिल्म है. इसलिए मैंने दूसरी फिल्म की टीम से परमिशन ली थी. मैं उनका शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने मुझे आने दिया. मैं अपने काम के प्रति बहुत ईमानदार रहा हूं. मैं इस इंडस्ट्री में 1976 में आया था. अब 50 साल हो गए हैं.'
इंटरनेट पर हो रही थी चर्चा
सुधीर पांडे का वीडियो इंटरनेट पर आने के बाद फैंस ने कमेंट्स में चिंता जताई थी. ट्विटर से लेकर इंस्टाग्राम और रेडिट कर ये वीडियो वायरल हो गई थी. एक यूजर ने कमेंट में लिखा था, 'यंग एक्टर्स वेटरन एक्टर्स का सम्मान करना भूल जाते हैं.' दूसरे का कमेंट था, 'ये सबसे अच्छी बात है. जिस जगह आपको सम्मान नहीं मिल रहा, वहां से चले जाओ, अपना और सम्मान मत खोओ.' तीसरे ने कमेंट में लिखा, 'मुझे लगता है उन्होंने सही किया जो स्टेज से चले गए. उन्हें सम्मान.' एक और फैन ने लिखा, 'ये बहुत दुखद है. वे बहुत मेहनती सीनियर एक्टर रहे हैं.'
फिल्म 'गिन्नी वेड्स सनी 2' की बात करें तो ये 2020 में आई यामी गौतम और विक्रांत मैसी स्टारर फिल्म 'गिन्नी वेड्स सनी' का स्पिरिचुअल सीक्वल है. पिक्चर में अविनाश तिवारी और मेधा शंकर की नई जोड़ी नजर आएगी. यह रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म 24 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.